बाराबंकी: अगस्त तक आएगी सांसद निधि, प्रस्ताव पर होंगे कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित सांसद को जिले में विकास कार्य कराने के लिए अभी करीब डेढ़ दो माह का इंतजार करना पड़ेगा। अगस्त माह तक सांसद निधि आने की बात कही गई है। इसके बाद सांसद द्वारा दिए जाने वाले प्रस्तावों के आधार पर विकास कार्य शुरु कराए जाएंगे। बताया जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद होने वाली सांसदों की पहली बैठक के बाद निधि पर काम शुरु होगा। 

अभी तक सांसद का खाता जिलेस्तर पर खुलता था। जिसमें हर साल सांसद निधि के रुप में पांच करोड़ की धनराशि भेजी जाती थी। इस धनराशि को सांसद के प्रस्ताव के आधार पर लाइट, सड़क, बिजली, पानी समेत अन्य कराए जाने वाले कार्याें के आधार पर संबंधित कार्यदायी संस्था को सीधे खाते में डीआरडीए प्रशासन द्वारा भेजी जाती थी लेकिन इस व्यवस्था में बदलाव कर अब प्रदेश स्तर पर सांसदों का एसबीआई में खाता खोल दिया गया। जिसमें सांसद निधि की धनराशि भेजकर पत्राचार सांसद और जिला प्रशासन को किया जाता है। पिछले माह संपंन हुए लोकसभा चुनाव के बाद जिले में नए सांसद के रुप में तनुज पुनिया निर्वाचित होकर आए हैं। अब इनके द्वारा जिले में विकास कार्य कराने की रुपरेखा तैयार की जा रही है। हालांकि इससे सांसद निधि आने का भी इंतजार चल रहा है। विभागीय जानकारों के अनुसार इस बार सांसद निधि अगस्त माह तक आने की बात कही गई है। निधि के रुप में पांच करोड़ की धनराशि प्रदेशस्तर पर खुले खाते में भेजी जाएगी। इस धनराशि से सांसद तनुज पुनिया द्वारा जिले में कराए जाने वाले विकास कार्यों का प्रस्ताव प्रशासन को उपलब्ध कराने के बाद संबंधित फर्म से कार्य पूरा कराकर निधि खर्च की जाएगी। बताया जा रहा है कि 2019 में सांसद उपेंद्र सिंह रावत को दिसंबर माह में पहली सांसद निधि मिली थी लेकिन बार अगस्त तक निधि मिलने की उम्मीद जताई गई है। प्रभारी परियोजना निदेशक डीआरडीए भूषण कुमार ने बताया कि सांसद निधि आने के बाद  प्रस्ताव के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। 

दिशा की बैठक की अध्यक्षता करेंगे सांसद तनुज पुनिया
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से करीब डेढ़ माह पहले सांसद उपेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति 'दिशा' की बैठक हुई थी लेकिन अब सांसद के रुप में एक नया चेहरा इस बैठक कर अध्यक्षता करेगा। बैठक को लेकर डीआरडीए प्रशासन द्वारा धीरे-धीरे तैयारियां शुरु कर दी गईं हैं। इस बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्य योजनाओं की समीक्षा की जाती है। इसमें पेयजल, सड़क, दूर संचार, पीएम आवास, सम्मान निधि, सिंचाई, बिजली समेत कई प्रमुख योजनाएं शामिल होती हैं। बैठक में सभी विधायक, एमएलसी, ब्लॉक प्रमुख, नामित प्रधान, सभासद समेत कई अन्य सदस्य शामिल होते हैं।

जिले को मिलेंगी कई पीएम ग्रामीण सड़कों की सौगात
लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद जिले में  इस साल कई नई प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ''पीएमजीएसवाई'' के तहत सड़कें बनेंगी। चिन्हित सड़कों की सूची केंद्र सरकार द्वारा सीधे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को मिलेगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया कराकर संबंधित फर्म से सड़कों का निर्माण शुरु होगा। पांच साल तक सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।

ये भी पढ़ें -अमरोहा: पशुधन कल्याण मंत्री ने किया कान्हा गौशाला का निरीक्षण, अधिकारियों को फटकारा  

संबंधित समाचार