बाराबंकी: नगर पंचायत टिकैतनगर के रिक्त पदों पर उपचुनाव 8 जुलाई को, तैयारियां शुरू
बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकायों में रिक्त पड़े पदों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। जिले के एक मात्र नगर पंचायत टिकैतनगर के नूरख्वाब मोहल्ला के वार्ड-9 में सभासद पद के लिए 8 जुलाई को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नगर पंचायत टिकैतनगर के वार्ड सं. 9 में 2022 में नगर निकाय के चुनाव में महेश यज्ञसैनी सभासद के रुप में चुनाव जीते थे। करीब चार माह पहले गंभीर बीमारी के चलते उनका देहांत हो गया था। इसके चलते इस वार्ड में सभासद पद की सीट रिक्त हो गई थी। इस रिक्त सीट पर अब 8 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी करने के बाद निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयारियां शुरु कर दी गईं हैं। इस सीट पर करीब एक हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए सभासद का चुनाव करेंगे। यह सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इससे पहले नामांकन प्रक्रिया संपंन कराई जाएगी। अधिसूचना के अनुसार 22 जून तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। जबकि इसकी जांच 24 जून को होगी। 26 जून को 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी तो इसके अगले दिन 27 जून को प्रतीक चिह्न का आवंटन होंगा। मतदान आठ जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। जबकि मतगणना 10 जुलाई को होगी। वहीं जिले के एक मात्र वार्ड मेंबर के होने वाले इस उपचुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) 15 जून को सार्वजनिक नोटिस जारी करेंगे। रिटर्निंग अधिकारी 18 जून को अपने स्तर से सार्वजनिक नोटिस जारी करेंगे। 18 जून से ही नामांकन पत्रों की बिक्री शुरु होगी। नामांकन पत्र सिरौलीगौसुपर तहसील क्षेत्र के नायाब तहसीलदार के न्यायालय कक्ष संख्या आठ में जमा होंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि टिकैतनगर नगर पंचायत के एक वार्ड में रिक्त पड़े सभासद पद पर उपचुनाव होना है। 18 जून को अधिसूचना जारी होगी।
प्रधान, बीडीसी के रिक्त पदों का एकत्र हो रहा ब्योरा
इसी के साथ ही प्रधान, बीडीसी व सदस्य के रिक्त पदों की सूचना पंचायत निर्वाचन विभाग ने जिला पंचायती राज कार्यालय से मांगी है। डीपीआरओ कार्यालय द्वारा रिक्त पदों की सूचना भेजी जाएगी। इसके बाद निर्वाचन विभाग इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग को पत्राचार करेगा। प्रदेश भर में पंचायत के रिक्त पदों की अधिसूचना जारी होने पर इन रिक्त पदों भी उपचुनाव कराया जाएगा।
