गाजियाबाद: ट्रक की चपेट में आने से चार लोगों की मौत, 18 अन्य घायल
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रविवार सुबह एक वाहन सोनीपत से ईंट भट्टा मजदूरों को लेकर हरदोई की तरफ जा रहा था और जब यह वाहन मुरादनगर थाना इलाके के पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होकर गुजर रहा था तो कुछ लोग लघुशंका के लिए उतरे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘‘इस बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी जिससे वाहन पलट गया और चार लोगों की मृत्यु हो गई एवं 18 लोग घायल हो गये।’’ उन्होंने बताया कि वाहन में 35 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मायादेवी (45), इरशाद (30), नजुमन (60) और शमीना (20) के रूप में हुई है।
ये सभी हरदोई जिले से थे। उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया उसके बाद उन्हें गाजियाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बेहतर इलाज के लिए इनमें से नौ लोगों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: गंगा दशहरा पर संगम में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, 2 लाख श्रद्धालु पहुंचे
