Exclusive: UP दर्शन कराएगा कानपुर में बनने वाला थीम पार्क; राम मंदिर, ताजमहल व झांसी के किले समेत इन जगहों की मिलेगी झलक...

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अभिषेक वर्मा। लखनऊ में खुले ‘यूपी दर्शन पार्क’ की तर्ज पर कानपुर में भी थीम पार्क विकसित किया जाएगा। यहां अयोध्या के राम मंदिर, आगरा का ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, झांसी का किला, वृंदावन का बांके बिहारी मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, बलरामपुर के देवी पाटन मंदिर, विधानसभा लखनऊ, बड़ा इमामबाड़ा, मिर्जापुर के विंध्यवासिनी मंदिर और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर जैसी प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों की झलक के साथ लोगों को उनके इतिहास और महत्व की जानकारी मिल सकेगी।

लखनऊ के गोमतीनगर में ताज होटल के पीछे बनाया गया यूपी दर्शन पार्क लोगों के आकर्षण का केंद्र है। इससे उत्साहित प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी ने कानपुर, मथुरा, मेरठ, वाराणसी और गोरखपुर में भी इसी तरह के पार्क विकसित करने को कहा है। संयुक्त सचिव की ओर से नगर निगम को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कानपुर में भी यूपी दर्शन जैसा थीम पार्क विकसित करने के लिए योजना तैयार की जाए। 

स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने बैठक करके पार्क के लिए स्थल चिह्नित करने और प्रस्ताव बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बताया कि विकसित किए जाने वाले पार्क में प्रदेश के सुप्रसिद्ध स्थलों के मॉडल (नमूने) एक ही जगह स्थापित किए जाएंगे। पार्क में न्यूनतम शुल्क के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।  लखनऊ में स्मार्ट सिटी योजना के तहत 10.14 करोड़ रुपये लागत से यूपी दर्शन पार्क तैयार किया गया है। पार्क के भीतर सैर-सपाटे के साथ खाने पीने के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं।

कबाड़ से तैयार किये जाएंगे मॉडल

यूपी दर्शन पार्क में प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थलों के मोन्यूमेंट मॉडल तैयार किए जाएंगे। मॉडल बनाने में कबाड़ व अन्य चीजों का इस्तमाल होगा। इसे बनाने के लिए दिल्ली, गुजरात और अहमदाबाद से कलाकारों को बुलाया जाएगा। 

लखनऊ में बनाए गए यूपी दर्शन पार्क की तरह शहर में भी पार्क बनाने का  शासन से पत्र आया है। शासन के निर्देश पर ही आगे काम किए जाएंगे। - शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- Kanpur News: गंगा दशहरा पर भक्त लगा रहे आस्था की डुबकी...सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर पुलिस बल तैनात

 

संबंधित समाचार