बरेली की तीन सुपर मॉम्स ने नेपाल में डांस प्रतियोगिता में नाम किया रोशन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नेपाल में नेपाल परफार्मिंग आर्ट्स महासंघ और नेपाल डांस स्पोर्ट्स महासंघ की ओर से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सुपर मॉम्स डांस प्रतियोगिता में तीन महिलाओं ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर बरेली का नाम रोशन किया है। महिलाओं ने 32 पदक जीते।

डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की बरेली यूनिट की अध्यक्ष मनदीप कौर ने बताया कि 19 मई को हुई प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में कला, डांस और संगीत गायन के आधार पर सुपर मॉम्स का चयन किया गया। प्रतियोगिता में भुटान, नेपाल और कोरिया सहित कई देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

उन्होंने खुद 35-45 आयु वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया है। प्रतियोगिता में जिले की ही वारिहम चानू हेंथोई ने स्वर्ण पदक और नीतू भटनागर ने कांस्य और शाहजहांपुर की अदविता तिवारी ने स्वर्ण, आरना तिवारी और आराध्या सक्सेना ने रजत पदक हासिल किया है। 

बालक और बालिका वर्ग में स्वर्ण और रजत पदक विजेता और मदर वर्ग में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं का चयन श्रीलंका में होने वाली साउथ एशियन कप म्यूजिक और डांस चैंपियनशिप में होगा। पर्फामिंग आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव रजनीकांत ठाकुर, सचिव एवं उत्तर प्रदेश संघ के मुख्य कोरियोग्राफर आशीष मिश्रा आदि लोग उपस्थित रहे।

जिम्मेदारियों के साथ यहां तक पहुंचना नहीं आसान
सुपर मॉम्स प्रतियोगिता में 35 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली वारिहम चानू हेंथोई ने इसका श्रेय अपने परिवार और स्टूडियो के सहयोगियों को दिया है। बताया कि पारिवारिक जिम्मेदारी और नौकरी के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लेना बेहद कठिन है। इसके लिए पूरी तरह से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे और तैयारियों में जुटे रहे। 

डांस स्टूडियो संचालिका मनदीप कौर ने बताया कि वैवाहिक जीवन में आने के बाद से जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। इसके बावजूद भी महिलाएं इस स्पर्धा में भाग लें अपने लक्ष्य को साधना चाहती हैं। उनके लिए यह बहुत अच्छा मंच है। 45 से अधिक आयु वर्ग में कांस्य हासिल करने वाली नीतू भटनागर ने बताया कि वह शुरुआत से ही डांस और स्पोर्ट्स के प्रति रूचि रखती रही हैं। वह योगा सेंटर भी संचालित करती हैं। 15 साल तक के दो बच्चों की परवरिश के साथ तमाम घरेलू जिम्मेदारियों के साथ इस प्रतियोगिता के लिए शुरू से तैयारी में जुटे रहे और मेहनत सफल हुई।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: पर्यटकों की संख्या आंकने के लिए 1 जून से होगा सर्वे

 

 

संबंधित समाचार