मुरादाबाद: रिश्ते की बहन के साथ मिलकर बनाया गिरोह, धनवान लोगों जाल में फंसाकर मांगते थे रंगदारी

मझोला पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को किया गिरफ्तार, युवती समेत दो फरार

मुरादाबाद: रिश्ते की बहन के साथ मिलकर बनाया गिरोह, धनवान लोगों जाल में फंसाकर मांगते थे रंगदारी

मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को पुलिस ने लड़की के साथ अश्लील फोटो खींचकर मूंढापांडे के खरकपुर जगतपुर गांव के इस्लाम अली पांच लाख की रंगदारी वसूलने का प्रयास करने वाले गिरोह के सरगना समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। जिसमें मुख्य आरोपी अपनी रिश्ते की बहन के साथ मिलकर धनवान लोगों को अपने जाल में फंसाकर रंगदारी मांगने का धंधा करता था। गिरोह के दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जिसमें एक सरगना की रिश्ते की बहन सानिया भी शामिल है।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने पुलिस लाइन में संयुक्त रूप से इस गिरोह का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि 25 मई को मूंढापांडे थाना क्षेत्र के खरकपुर जगतपुर गांव के अहसान अली ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आरोप यह था कि 24 मई को मेरे भाई इस्लाम अली को दो बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति करके अपहरण कर ले गए थे। उन्होंने उसे बंधक बना लिया है। मझोला पुलिस की टीम ने इस मामले की बारीकी से पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक कमलेश कांत वर्मा और चौकी इंचार्ज टीपी नगर सुशील चौधरी के नेतृत्व में टीम ने पूरे गिरोह का पता लगा लिया।

रविवार को पुलिस की टीम ने मझोला क्षेत्र के आजाद नगर से गिरोह के सरगना आसिम उर्फ सोनू के अलावा ग्यासुद्दीन निवासी महलकपुर माफी थाना पाकबड़ा, अब्दुल रहीम निवासी हासमपुर चौराहा, साजिया निवासी आजाद नगर को गिरफ्तार कर लिया। साजिया के पहले पति की मौत हो चुकी है। वह आजादनगर में अंसार हुसैन के साथ रहती है। अंसार भी इस गिरोह का सदस्य है। अंसार और सरगना की बहन सानिया पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। चारों आरोपियों के कब्जे से अपह्त इस्लाम अली को सकुशल बरामद कर लिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि सानिया हरथला नया गांव की ही रहने वाली है।

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि गिरोह पैसे वाले लोगों की तलाश में रहता है। उन्हें किसी बहाने से घर बुलाकर बंधक बनाने के बाद सानिया के साथ अश्लील फोटो खींच लेता है। जिसके बाद उससे रंगदारी की मांग करता है। इस्लाम अली के प्लाट बेचने की सूचना मिली थी। वह झाड़ फूंक का काम करता है।

महिला का इलाज करने के बहाने उसे बुलाकर आजादनगर में अंसार के घर बंधक बना लिया था। अश्लील फोटो खींचकर उसके परिवार से पांच लाख की रंगदारी मांगी जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर और दो कारतूस, एक अवैध चाकू, मोबाइल फोन, एक मोटर साइकिल, एक स्कूटी बरामद की है। आरोपियों का चालान करके न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया।

जल्द पैसा कमाने के लिए बनाया गिरोह
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कई राज खोले हैं। गिरोह के सरगना ने बताया कि ग्यासुद्दीन और अब्दुल रहीम टायर पंक्चर लगाने का काम करते हैं। आसिम उर्फ सोनू और सानिया ने शार्ट कट रास्ते से कमाई का सपना दिखाकर गिरोह बनाया। ग्यासुद्दीन की मोटर साइकिल से इस्लाम अली को उसके घर से बुलाकर लाया गया था। अंसार और साजिया के घर पर बंधक बनाकर रखा जाता है। सानिया बेहद शातिर है। पिछले सप्ताह वह सिविल लाइंस पुलिस से भिड़ गई थी। पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान किया था। इस गिरोह की लिस्ट में कई और लोग भी शामिल थे।

बंधक बनाने वाले लोगों से जबरन अश्लील फोटो खींचे जाता है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि गिरोह के बारे में और भी छानबीन की जा रही। यह देखा जा रहा कि अब तक कितने लोगों को इन्होंने फंसाकर रंगदारी वसूली है। आसिम के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज हैं। बाकी का आपराधिक इतिहास तलाशा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: सीबीआई अधिकारी बताकर अधिवक्ता की पत्नी से चार लाख की ठगी