Etawah: पुलिस को चकमा देकर ट्रेन से भागे तीन कैदी...प्रतापगढ़ से मुंबई ले जा रहे थे, जालसाजी के मामले में आरोपी
इटावा में तीन कैदियों के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया
इटावा, अमृत विचार। इटावा जिले के इकदिल इलाके में चांदनपुर गांव के पास गाजीपुर बांद्रा एक्सप्रेस रेलगाड़ी से ट्रांजिट रिमांड पर ले लाए जा रहे तीन आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गए। पुलिस हिरासत से आरोपियों के फरार होने से महकमे में हड़कंप मच गया।
राजकीय रेलवे पुलिस के उपाधीक्षक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत से तीन आरोपियों के फरार होने की घटना गाजीपुर बांद्रा एक्सप्रेस में घटी है। गाजीपुर बांद्रा रेलगाड़ी में पीछे से तीसरे डिब्बे में यह तीन आरोपी कड़ी सुरक्षा में चार पुलिस कर्मी ले जा रहे थे। सुबह करीब सवा 6 बजे के आसपास हुई इस घटना के पीछे ऐसा माना जा रहा है कि तीनों आरोपियों को ले जाने वाले पुलिसकर्मी ट्रेन में सो गए है। जिसके बाद तीनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
इस बात की भी जानकारी हुई है कि तीनों आरोपियों ने रेलगाड़ी से फरार के बाद अपने आप को पीड़ित बताते हुए इलाकाई गांव वालों से मदद भी मांगी है। दो आरोपियों को एक साथ हथकड़ी से बांधा गया था जबकि एक आरोपी अन्य हथकड़ी में कैद था।
तीनों ने अपनी-अपनी हथकड़ियों को तोड़ा है, इसके बाद यह तीनों शेखूपुर जखोली गांव पहुंचे। जहां आरोपियों ने गांव वालों को अपने आप को पीड़ित बता करके उनसे पीने के लिए पानी मांगा। इतना ही नहीं, गांव वालों से तीनों फरार आरोपियों ने यह भी बताया है कि इस स्थान से रेलवे स्टेशन कितनी दूर है उनको कानपुर जाना है।
गांव वाले ने बताया कि एक आरोपी के हाथ से खून का भी रिसाव हो रहा था, इसलिए माना जा रहा है कि हथकड़ी तोड़ते समय उसके हाथ में चोट लगी होगी। इसके बाद खून का रिसाव शुरू हुआ होगा।
गाजीपुर बांद्रा रेलगाड़ी से ट्रांजिट रिमांड कराने के लिए प्रयागराज से नालासुपारा महाराष्ट्र के लिए पुलिस टीम तीनों को ले जा रही थी। तभी महाराष्ट्र पुलिस के तीन आरोपी गाजीपुर-बांद्रा ट्रेन से कूदकर पुलिस हिरासत में फरार हो गए।
फरार होने वाले मो. अनीस निवासी रामापुर थाना पूतनपुर तहसील गौरीगंज, प्रतापगढ़, मो. रेहान फारूकी निवासी रजनपुर थाना कुंडा जिला प्रतापगढ़, कलीम अहमद निवासी खानशाहपूरा सिंगरौर, मंसूराबाद के खिलाफ धोखाधड़ी के मुकदमें नागासुपार थाना महाराष्ट्र में दर्ज किया था। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके ट्रांजिट रिमांड पर प्रतापगढ़ से महाराष्ट्र गाजीपुर-बांद्रा ट्रेन से ले जा रही थी।
राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि फरार हुए तीनों आरोपी मुंबई में बिल्डिंग निर्माण का कार्य किया करते थे। किसी व्यक्ति से 20 लाख रुपये की रकम लेकर वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद तीनों के खिलाफ धारा 420 समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा गया, फिर तीनों की तलाश शुरू की गई। तीनों के खिलाफ इसके अलावा भी कई अन्य गंभीर मामले भी दर्ज बताई जा रहे हैं।
राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि तीनों फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Kanpur Fire: KTL के वर्कशॉप और कुर्सी फैक्ट्री में लगी भीषण आग...15 कारें और लाखों का मालकर जलकर खाक
