अयोध्या : मलखंभ, मार्शल आर्ट समेत 11 खेलों में दमखम दिखायेंगे खिलाड़ी
स्कूल फेडरेशन आफ इंडिया ने जारी किया कैलेंडर
अयोध्या, अमृत विचार। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने नए शैक्षिक सत्र के लिए खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। ब्लॉक स्तर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताओं में अब बच्चे मलखंभ, मार्शल आर्ट्स समेत 11 मूल भारतीय खेलों में दमखम दिखाएंगे।
खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद प्रदर्शन के आधार पर नेशनल तक खेलते हैं। पहली बार अंडर-14 से 19 आयु वर्ग के 29 खेलों में भारतीय मूल के 11 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें प्रदेश भर के माध्यमिक विद्यालयों के मंडल से जीते खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत प्रदेशीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का लेखा-जोखा शिक्षा निदेशक ने जारी कर दिया है।
अयोध्या के डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान की देखरेख में होने वाले ब्लाक से लेकर जिला, मंडल और राज्यस्तरीय कार्यक्रम का पूरा ब्यौरा शासन ने 14 मई को जारी कर दिया है। इस प्रतियोगिता में बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा माध्यमिक विद्यालयों के बच्चे शामिल होंगे। तीन कैटेगरी जिसमें 14 आयु से कम सब जूनियर, 17 आयु से कम जूनियर और 19 आयु से कम सीनियर में होनी वाली इस प्रतियोगिता में पहली बार तीन सालों के लिए ट्रायल बेस पर 11 पारंपरिक भारतीय खेलों को शामिल किया गया है।
इन खेलों में सेपक, टाकरा, वुशू, मलखंभ, कलारीपयट्ट, शतरंज, योगासन, थांगता मार्शल आर्ट और कुराश खेल शामिल किए गए हैं। इनमें गतका, कलारीपयट्टू, सेपक, टाकरा, वुशू और थांग-ता पारंपरिक मार्शल आर्ट्स भी शामिल है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश कुमार आर्या ने बताया कि इसे सभी कालेजों में लागू करा दिया गया है।
ये भी पढ़ें - UP में भीषण गर्मी, लखनऊ में ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए लगाए कूलर
