लखनऊ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, नामांकन के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंच रहे नेता, चर्चा में क्यों हैं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश विधानसभा के 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण संतुलन में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई को चंद घंटों बाद नया सेनापति मिल जाएगा। भाजपा के यूपी अध्यक्ष के लिए आज नामांकन प्रक्रिया चल रही है। कुल 464 मतदाता, जिसमें पांच सांसद, 26 एमएलए, 8 एमएलसी और 425 प्रांतीय परिषद के मेंबर व जिलाध्यक्ष शामिल हैं-वे 17वें प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। चुनाव शनिवार-रविवार को होगा, लेकिन नामांकन के साथ ही नए अध्यक्ष की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री-संगठन, बीएल संतोष शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे थे, जहां उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके दिल्ली लौट गए थे। ्र
प्रदेश अध्यक्ष के लिए अब तक जो एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बना है-वो हैं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी। पंकज चौधरी गोरखपुर से सटी महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार के सांसद हैं। कुर्मी समाज से आते हैं और इसमें उनकी मजबूत पैठ है। इसलिए वह विपक्षी दल सपा की पीडीए की सबसे बड़ी काट माने जा रहे हैं।
आज शनिवार को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर गर्मजोशी भरा नजारा है। इसलिए भी क्योंकि पिछले कई महीनों से प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर कसरत जारी थी। कई नाम सुर्खियों में बने थे। अब चूंकि चुनाव होने जा रहा है तो जाहिर है कि तमाम दावेदार अपनी ताकत झोंके हुए हैं। इस बीच केंद्रीय चुनाव अधिकारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल लखनऊ पहुंच चुके हैं। उनके अलावा भी कई नेता राजधानी में हैं। शाम तक नामांकन और जांच के बाद स्थितियां साफ हो जाएगीं। हालांकि उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा रविवार को होगी।
