प्रतापगढ़ : चलती ट्रेन की बोगी के उपर चढ़ा युवक, विद्युत आपूर्ति रोक कर रेलवे ने बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के करीब शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक युवक चलती ट्रेन की बोगी के ऊपर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा। इस घटना से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि कोई अनहोनी नहीं हुई। युवक को सकुशल बचा लिया गया।

बताया गया कि संत कबीर नगर निवासी मोहम्मद अनस नामक युवक काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। ऊपर जाने के बाद वह नीचे उतरने से मना कर दिया। खतरे की स्थिति देखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम ने तुरंत ओवरहेड लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। 

इससे संभावित हादसा टल गया और युवक की जान बच गई। करीब 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी रही। ट्रेन के रुकने से वाराणसी –लखनऊ मार्ग की कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। 

इस घटना से आसपास के रेलवे फाटक पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंच कर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने युवक को नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया। बावजूद इसके वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। 
युवक ने नीचे उतारने के दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की।

कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जुटी रही।

संबंधित समाचार