बदायूं : हरदोई में वरिष्ठ अधिवक्ता की हत्या पर बार एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन
बदायूं, अमृत विचार। जिला हरदोई में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक पर प्रदर्शन किया। डीएम निधि श्रीवास्तव को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
हरदोई जिला निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता कनिष्क मेहरोत्रा की 30 जुलाई को निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना से अधिवक्ताओं में खासा आक्रोश है। जिसके चलते सोमवार को जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अधिवक्ता महाराणा प्रताप चौक पहुंचे और प्रदर्शन किया। डीएम को दिए गए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में वरिष्ठ अधिवक्ता के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी करके कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने और प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग गई।
बार के सचिव संदीप मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता की निर्मम हत्या से अधिवक्ता समाज में नाराजगी है। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू होने से अधिवक्ताओं के जीवन की रक्षा संभव हो सकेगी। इस मौके पर बार के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह, रितेश मित्तल, दुर्वेश वार्ष्णेय, विश्वनाथ मौर्य आदि उपस्थित रहे।
