गोंडा: छेड़खानी के आरोपियों ने इंश्योरेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक को दफ्तर में घुसकर पीटा और फिर...
प्रबंधक की शिक्षिका पत्नी से आरोपियों के खिलाफ दर्ज करा रखी है छेड़खानी की रिपोर्ट
गोंडा, अमृत विचार। छेड़खानी के आरोपियों ने इंश्योरेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक को दफ्तर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। पिटाई की यह घटना कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीडिचा का प्रबंधन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में बीएनएस की कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के दि ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के शाखा प्रबंधक विजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि उनकी पत्नी जिले के एक सरकारी इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। बीते 2 अप्रैल को गौरव मिश्रा व वैभव मिश्रा नाम के दो आरोपियों ने उनकी पत्नी से छेड़छाड़ की थी। मामले की रिपोर्ट पत्नी की तरफ से नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई थी जिसकी जांच चल रही है।
शाखा प्रबंधक का कहना है कि आरोपी मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों आरोपी बृहस्पतिवार की शाम को उनकी शाखा में घुस आए और उनके साथ मारपीट की आरोपियों ने धमकी दी कि मुकदमा वापस ले लो नहीं तो जान से मार डालेंगे। मारपीट की यह घटना कंपनी की शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है।
शाखा प्रबंधक का आरोप है कि जब वह इस मामले की रिपोर्ट लिखाने नगर कोतवाली की तरफ जा रहा था तो रास्ते में आरोपियों ने एक बार फिर से उसे रोक लिया और कोतवाली से बाहर निकालने के बाद ही उसे गोली मार देने की धमकी दी। मामले में शाखा प्रबंधक की तरफ से दोनों आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में बीएनएस की कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें- पहले दिन 3000 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा : डीएम और एसपी लगातार करते रहे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
