रामपुर : जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति पर लगा डीजीपीएस, संपत्ति विवाद को सुलझाने के लिए मिलेंगे ठोस सबूत
लखनऊ से आई टीम ने प्रशासन के साथ मिलकर की कार्रवाई

रामपुर, अमृत विचार। जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति पर लखनऊ से आई टीम ने डीजीपीएस ((डिफरेंशियल ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम) डिवाइस लगा दी है। डीजीपीएस से संपत्ति विवाद को सुलझाने में ठोस सबूत मिलेंगे और संपत्ति की सही नापजोख हो सकेगी। सोमवार की सुबह स्थानीय प्रशासन के साथ लखनऊ से आई टीम जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। यूनिवर्सिटी के गेट पर पुलिस बल तैनात रहा। नायब तहसीलदार गौरव विश्नोई ने बताया कि डीजीपीए एक डिवाइस है और नापजोख करने का आधुनिक तरीका है। पर्यवेक्षक ने बताया कि जियो टैगिंग प्रदेश की सभी शत्रु संपत्तियों की कराई जा रही है।
जौहर यूनिवर्सिटी में सोमवार की सुबह पर्यवेक्षक प्रशांत सैनी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम पहुंची और शत्रु संपत्ति का सर्वे किया। सर्वे करने के पश्चात टीम सोमवार की शाम लखनऊ लौट गई। नायब तहसीलदार ने बताया कि स्थानीय प्रशासनिक टीम में दो नायब तहसीलदार, कानूनगो जहीर उर रहमान, लेखपाल शम्सुद्दीन दूसरे नायब तहसीलदार देवेश पांडेय शामिल रहे। नायब तहसीलदार ने बताया कि डीजीपीएस एक डिवाइस है जोकि, भौगोलिक स्थिति का सही-सही मूल्यांकन करती है। जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति का रकबा 13.08 हेक्टेयर है और इसमें दो इमारतें भी शामिल हैं। जियो टैगिंग के पश्चात आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए संपत्ति का सटीक भौगोलिक स्थान और उसकी सीमाओं को निर्धारित किया जाता है। इससे पहले 4 जुलाई 2024 को जौहर यूनिवर्सिटी में राजस्व की टीम ने शत्रु संपत्ति को चिन्हित किया था। शत्रु संपत्ति को चिन्हित करने के पश्चात पिलर लगाकर तारकशी करा दी गई थी। पूर्व मंत्री आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति को कागजों में हेराफेरी कर शामिल किया गया था। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने शत्रु संपत्ति कब्जाने के मामले में मामला दर्ज कराया था। शहर विधायक ने आरोप लगाया था कि आजम खान ने शत्रु संपत्ति को जौहर विश्वविद्यालय में मिलाया है। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने जांच की थी। इससे पहले दिल्ली और लखनऊ से आई टीमें भी शत्रु संपत्ति की जांच कर चुकी है।
वर्ष 2006 में आजम ने की थी जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना
सपा नेता आजम खान ने वर्ष 2006 में आलियागंज में अपने ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना का काम शुरू किया था। इसके बाद वर्ष 2014 में मुलायम सिंह यादव का 75वां जन्मदिन रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में मनाया गया था। मुलायम सिंह के 75वें जन्म दिन पर 75 फिट लंबा केक काटा गया था। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित पूरी सरकार रामपुर में थी।
ये भी पढ़ें - रामपुर : दत्तक पुत्र को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप, पुलिस को तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग