हमारी राजनीति इतनी कैसे गिर सकती है?... रमेश बिधूड़ी के बयान पर रोते हुए बोलीं आतिशी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रमेश बिधूड़ी द्वारा उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान रो पड़ीं। दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार बिधूड़ी ने आतिशी के उपनाम पर रविवार को टिप्पणी की थी, जिससे विवाद खड़ा हो गया था। 

बिधूड़ी की टिप्पणी का जवाब देते हुए आतिशी ने कहा, ‘‘हमारी राजनीति इतनी कैसे गिर सकती है? उन्हें बताना चाहिए कि 10 साल तक सांसद रहते हुए उन्होंने कालकाजी के लिए क्या काम किया है।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें (बिधूड़़ी) अपने काम के आधार पर वोट मांगना चाहिए, न कि मेरे पिता को गाली देकर। 

बिधूड़ी ने रोहिणी में भाजपा की ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करते हुए कहा था कि आतिशी ने अपना उपनाम ‘मार्लेना’ से बदलकर ‘सिंह’ कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाद में इस रैली को संबोधित किया था। कालकाजी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक आतिशी ने कुछ समय पहले अपना उपनाम (‘मार्लेना’) हटा दिया था। 

बिधूड़ी ने आरोप लगाया था, ‘‘वह मार्लेना (आतिशी द्वारा पहले इस्तेमाल किया जाने वाला उपनाम) से सिंह बन गईं, उन्होंने नाम बदल लिया। केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम खाकर कहा था कि भ्रष्ट कांग्रेस के साथ नहीं जाऊंगा, (और अब) मार्लेना ने पिता बदल लिया। पहले वह मार्लेना थीं, अब वह सिंह बन गई हैं। यह उनका चरित्र है।’’

यह भी पढ़ें:-भारत में मिला चीनी HMPV Virus का पहला मरीज, बेंगलुरु में 8 माह का बच्चा संक्रमित

संबंधित समाचार