लखनऊ में जांची जाएंगी 4 लाख 80 हजार से अधिक कापियां: हाईस्कूल की 45 और इंटर की 40 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके लिए मंडल स्तर पर कुल 23 जबकि लखनऊ जिले में कुल 5 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। लखनऊ जिले में बोर्ड की ओर से कुल 4,80312 उत्तर पुस्तिकाओं का आवंटन किया गया है। जिसमें हाईस्कूल की 3,38,924 और इंटरमीडिएट की 1,41,388 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। मूल्यांकन कार्य के पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कुल 22,057 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
यूपी बोर्ड की ओर से आगामी 1 अप्रैल तक समस्त उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लखनऊ के राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज, राजकीय हुसैनाबाद इंटरकॉलेज, राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इन मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या अलग-अलग आवंटित की गई है। जबकि प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों की संख्या 500 से अधिक आवंटित की गई है।
पहले दिन आधे परीक्षक रहे गायब
-राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज में 563 में से 251 परीक्षक उपस्थित
-राजकीय हुसैनाबाद इंटरकॉलेज 513 में 290 रहे उपस्थित
-राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में 511 में 243 रहे उपस्थित
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोमतीनगर 649 में 398 रहे उपस्थित
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड 543 में 342 रहे उपस्थित
उत्तर पुस्तिकाओं में मिले रुपए तो नहीं होगी जांच
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि यदि उत्तरपुस्तिकाओं में रुपए पाए जाते हैं तो इसे अवांछित सामग्री मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। ऐसी उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। यह निर्देश जारी किया जा चुका है। उत्तरपुस्तिकाओं के पारदर्शी और नियमानुसार मूल्यांकन पर नजर रखी जा रही है। समयसीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य सम्पन्न कर लिया जाएगा।-डॉ. दिनेश कुमार, कंट्रोल रुम प्रभारी व मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी
ये भी पढ़ें :
रेल सुरक्षा में बड़ा कदम: ‘कवच’ प्रणाली का तेजी से विस्तार, स्वदेशी तकनीक से सुरक्षित होगा ट्रेन संचालन
