कानपुर रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा: पटरियों के किनारे LPG सिलेंडर में आग, कोई हताहत नहीं 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कानपुर। व्यस्त दिल्ली-प्रयागराज रेल मार्ग के पास एक छोटे रसोई गैस सिलेंडर में बुधवार शाम आग लग गई और इस मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर छावनी क्षेत्र में हुई, जहां पटरियों के पास पांच किलोग्राम का एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर जलता हुआ मिला। 

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और अपराध शाखा के दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन कर्मियों के वहां पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग आग बुझा चुके थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के घायल होने की खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर पटरियों से करीब सात फुट दूर एक सुनसान जगह मिला। 

प्रारंभिक निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि सिलेंडर किसी चलती ट्रेन से, संभवत: महाबोधि एक्सप्रेस से गिरा होगा। महाबोधि एक्सप्रेस आग लगने से कुछ ही समय पहले वहां से गुजरी थी। पुलिस को संदेह है कि गैस रिसाव के कारण आग लगी और वह इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं रिसाव के बाद जल्दबाजी में सिलेंडर को बाहर तो नहीं फेंका गया। 

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) (डीसीपी) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि इलाके की तलाशी के दौरान पुलिस को प्रतापगढ़ जिले के निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन और बर्तनों से भरा एक बोरा मिला। बोरा आंशिक रूप से जला हुआ था। गुप्ता ने कहा कि प्रारंभिक आकलन से लगता है कि सिलेंडर में आग लगना एक दुर्घटना है। 

उन्होंने कहा, ''हालांकि, हम लापरवाही, शरारत या इसमें किसी प्रकार की साजिश होने संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।'' डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने बोरे में मिले फोन में दर्ज एक नंबर पर संपर्क किया और मिश्रा के बेटे से बात की जिसने बताया कि उसका पिता दिल्ली में एक सुरक्षा गार्ड है और अपना सामान एवं नकदी लेकर घर लौट रहा था। उसने यह भी बताया कि मिश्रा शराब पीने का आदी है। फोरेंसिक टीम जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों के साथ मिलकर विस्तृत जांच कर रही हैं। 

ये भी पढ़ें  : 
यूपी को जल्द मिलेगा पूर्णकालिक DGP : UPSC को भेजा इन 4 अफसरों के नाम, चयन में इन नामों की चर्चा

संबंधित समाचार