गोंडा: कर्मियों के मनमानी से परेशान महिलाओं ने घेरा बैंक, किया प्रदर्शन...विधायक के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार: कर्नलगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत कर्मचारी की मनमानी से परेशान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शुक्रवार को बैंक का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और बैंक कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। सैकड़ों की संख्या में जुटी महिलाओं की भीड़ देखकर बैंक कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर नारेबाजी कर रही महिलाओं को शांत कराया। वहीं, विधायक ने बैंक कर्मियों को भी व्यवहार में सुधार लाने की नसीहत दी और महिलाओं का काम प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया।
प्रदर्शन कर रही समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्हें खाता खुलवाने के लिए कई दिनों से बैंक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। घंटों लाइन में लगने के बावजूद बैंक कर्मी सर्वर का बहाना बताकर वापस कर देते हैं। जब कोई महिला सदस्य इस संबंध में जानकारी मांगती है तो बैंक कर्मी बेहद रूखे लहजे में बात करते हैं और किसी बात का सही जवाब नहीं देते। बैंक कर्मियों के शुरू के व्यवहार से परेशान महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को भड़क गया। नाराज महिलाओं ने बैंक को घेरा और जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही बैंक कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर करनैलगंज भाजपा विधायक अजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक कर्मियों को नसीहत देने के बाद समूह की महिलाओं को समझाकर शांत करवाया और शाखा प्रबंधक से वार्ता कर समूह की महिलाओं का खाता प्राथमिकता के तौर पर खोलने का निर्देश दिया।
ये भी पढ़ें- गोंडा: युवक की हत्या कर शव जलाया, इलाके में सनसनी...जांच में जुटी पुलिस
