लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार बाइक लेकर ईंटों के ढेर में घुसे युवक की मौत
बेहजम, अमृत विचार। लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर थाना फरधान क्षेत्र के गांव लहसुरिया पुरवा के निकट बुधवार की देर शाम ट्रक को साइड देते समय बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ईंटों के ढेर से टकरा गई। इससे चालक के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना फरधान के गांव अंदापुर निवासी अनूप कुमार (30) पुत्र चेतराम बुधवार की देर शाम बाइक से बेहजम की तरफ जा रहा था। गांव लहसुरिया पुरवा के पास पहुंचने पर बेहजम की ओर से एक ट्रक आ गया। वहीं पर सड़क पटरी पर नाला निर्माण के लिए ईंटो का चट्टा लगा था। बताते हैं कि पास से ट्रक गुजरने पर अनूप कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत ईंटो के ढेर से टकरा गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटे आईं। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल अनूप कुमार को एंबुलेंस 108 से लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में अनूप कुमार ने दम तोड़ दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के पिता चेतराम ने बताया सड़क पर लगे अवैध रूप से ईंट के चट्टे में टकराने से उनके बेटे की जान गई है। सड़क पर नाले के निर्माण के लिए ईंटें लगी थीं। नाले का निर्माण करते समय जिम्मेदार ठेकेदार ने सावधानी और बचाव का ध्यान नहीं दिया है। थाना फरधान के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: स्कूल वालों पर जबरदस्ती कबड्डी खिलवाने का आरोप, छात्र का टूट गया पैर
