महावीर जयंती : प्रयागराज में दिखा श्रद्धा और आस्था का सैलाब, जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

प्रयागराज। देश के साथ ही उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में भगवान महावीर जयंती श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जैन धर्मावलंबियों द्वारा जीरो रोड स्थित जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा जीरो रोड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वहीं आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ का स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में तनाव और संघर्ष के बीच भगवान महावीर का "जियो और जीने दो" का संदेश आज भी अत्यंत प्रासंगिक है और मानवता के लिए मार्गदर्शक है।

शोभायात्रा के संयोजक विकास जैन ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांतों पर चलकर ही मनुष्य अपने दुखों और समस्याओं से मुक्ति पा सकता है तथा समाज और विश्व का कल्याण संभव है। 

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां सजाई गईं, वहीं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन जीरो रोड स्थित जैन मंदिर में आरती के साथ हुआ। महावीर जयंती के अवसर पर शहर में मांस की दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए। 

 ये भी पढ़ें :
सहारनपुर में शुरु हुआ त्रिपुर मां बाला देवी सुंदरी मेला, दुकानें, झूले तथा खेल-तमाशे आकर्षण का केंद्र
 


 

संबंधित समाचार