मुरादाबाद : दिल्ली रोड पर विज्ञान पथ का मंडलायुक्त व महापौर ने किया उद्घाटन
मिसाइल मैन ऑफ इंडिया पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम की याद में नगर निगम की ओर से कराया गया है इसका निर्माण
मुरादाबाद। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर दिल्ली रोड पर बने विज्ञान पथ का शुक्रवार को मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और महापौर विनोद अग्रवाल ने उद्घाटन किया। मंडलायुक्त ने कहा कि यह स्मारक हमें देश के अत्याधुनिक मिसाइल तकनीक और इसके पुरोधा पूर्व राष्ट्रपति व वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की याद दिलाती रहेगी। युवाओं को उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात कर देश को विकास के शिखर पर पहुंचाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि महानगर के प्रमुख मार्ग पर देश के ऐतिहासिक, सामरिक,धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को संजोया गया है। विज्ञान पथ पर भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की मूर्ति स्थापित की गई है। दिल्ली-मुरादाबाद-लखनऊ हाईवे पर स्थित यह स्मारक हमारे गौरवशाली इतिहास का परिचायक है। उन्होंने बताया कि नगर निगम व स्मार्ट सिटी की ओर से निर्मित यह विज्ञान पथ न केवल महानगर वासियों को विज्ञान व रक्षा क्षेत्र में देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताएगा बल्कि स्वच्छता व पुनर्चक्रण के प्रति भी जागरूक करेगा। यह पथ मुरादाबाद को नई पहचान देने के साथ ही विज्ञान के प्रति लोगों में नई ऊर्जा व प्रेरणा का संचार करेगा। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त द्वितीय अजीत कुमार, उप नगर आयुक्त रामपाल सिंह, मुख्य अभियंता नगर निगम दिनेश चंद्र सचान, अधिशासी अभियंता रईस अहमद, विजेद्र सिंह, अवर अभियंता किशन लाल सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय नागरिक आदि मौजूद रहे।

विज्ञान पथ पर आत्मनिर्भर भारत की झलक
दिल्ली रोड पर निर्मित यह विज्ञान पथ न केवल विज्ञान व रक्षा के क्षेत्र में बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम थ्री आर ( रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल) के अनुरूप मेटल स्क्रैप से निर्मित माडल वेस्ट टू आर्ट का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। इस पथ पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की महान उपलब्धियों को भी संजोया गया है। जिसमें चंद्रयान, मंगलयान, उपग्रह व अन्य अंतरिक्ष मिशनों के प्रतीकात्मक मॉडल लगाए गए हैं। जो भारत की अंतरिक्ष यात्रा में आत्मनिर्भरता, नवाचार का प्रतीक है।
मिसाइल मैन को समर्पित है विज्ञान पथ
दिल्ली रोड पर निर्मित इस विज्ञान पथ को मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को समर्पित किया गया है। जिसमें पृथ्वी, आकाश, नाग, त्रिशूल जैसी मिसाइलों के मॉडल के साथ डॉ. कलाम की प्रेरणादायक शिक्षाओं को उकेरा गया है। यह स्मारक वैज्ञानिक उपलब्धियों के सम्मान के प्रतीक के साथ ही युवा पीढ़ी को विज्ञान व अनुसंधान की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: महिला अधिवक्ता पर फेंका तेजाब...ठाकुरद्वारा तहसील परिसर में मचा हड़कंप
