Ayodhya News : वेतन न मिलने पर सफाई कर्मियों ने रामपथ पर बिखेरा कूड़ा
सुपरवाइजर के उत्पीड़न के खिलाफ लता चौक जाम कर किया प्रदर्शन
घंटों नारेबारी कर महापौर के आवास पहुंच सुपरवाइजर के खिलाफ दी शिकायत
Ayodhya, Amrit Vichar : रामनगरी में वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्स के सफाई कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह ही सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मियों ने लता चौक पहुंच जाम लगा दिया। घंटों नारेबाजी कर वेतन की मांग की। इसके साथ ही सफाई सुपरवाइजर पर घूस मांगने का भी आरोप लगाया। कर्मचारियों का गुस्सा यही नहीं थमा। उन्होंने रामपथ पर कचरा बिखेरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। इसके बाद कर्मचारियों ने महापौर गिरीशपति त्रिपाठी से मुलाकात की। उन्होंने सुपरवाइजर को फटकार लगाने के साथ ही कर्मचारियों को वेतन दिलाने का आश्वासन दिया। शाम के समय नगर निगम की ओर से सूचना आई कि कर्मचारियों का वेतन रिलीज कर दिया गया है।
मंगलवार को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल करने का एलान कर दिया। उन्होंने सुपरवाइजर अनूप सिंह पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। गुस्साए कर्मचारियों ने लता मंगेशकर चौक पर नया घाट मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बोर्ड परीक्षार्थियों को भी परेशानियां हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियाें ने जाम खुलवाया और सफाई कर्मियों को पार्क में जाकर प्रदर्शन करने की हिदायत दी। इसके बाद कर्मचारियों में और उबाल आ गया।
लता मंगेशकर चौक से कोतवाली अयोध्या तक रामपथ पर गंदगी फैला दी। कूड़े वाली गाड़ी से कचरा उतारकर सड़कों पर फैलाया जाने लगा। कर्मचारियों का गुस्सा साफ दिख रहा था। बकायदे झाड़ू से कचरे को सड़कों के बीचों-बीच फैलाया जा रहा था। कोतवाली के पास कचरा फैलता देख कोतवाल मनोज शर्मा को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। उन्होंने कर्मचारियों को समझाया। दस बजे के करीब सभी कर्मचारी महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के आवास तीन कलश तिवारी मंदिर पहुंच गए। महापौर के समझाने के बाद कर्मचारी माने। प्रदर्शनकािरयों में सुनीता, गोविंद, संगीता, मोन, राजू, दुर्गावती, सीमा, अंजली व रवि समेत अन्य मौजूद रहे।
हमारे पति गुस्सा करते हैं, अब मुझे गांव जाना है...
बस्ती से कार्य करने आई सीमा देवी ने कहा कि चार महीने से वेतन नहीं मिला है। दस हजार रुपये की बात हुई थी अब आठ हजार रुपये दे रहे हैं। काम पूरा लेते हैं। हमारा पैसा मिल जाए हमें अब काम नहीं करना है। अगर हमें पैसा नहीं मिला तो हमारे पति गुस्सा करेंगे। अब मुझे गांव जाना है।
साहब हम चाय पीते हैं तो सुपरवाइजर गरियाता है...
महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के आवास पर आक्रोशित कर्मचारियों में महिला कर्मचारी भी शामिल रहीं। एक महिला कर्मचारी ने सुपरवाइजर की शिकायत करते हुए कहा कि साहब हम लोग अगर काम के दौरान चाय भी पीते हैं तो सुपरवाइजर गालियां देता है। अगर हम कुछ खाए-पीएंगे नहीं तो काम कैसे करेंगे। इस दौरान महापौर सुपरवाइजर अनूप पर गुस्से से लाल हो गए और उन्होंने चेतावनी दी कि आपकी इससे पहले भी मेरे पास शिकायत आ चुकी है। अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सवाल पर भड़के सुपरवाइजर, हटाया गया
सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर अमृत विचार डिजिटल के संवाददाता पहुंच गए थे। वह मौके पर कवरेज कर रहे थे और लोगों की बातों को सुन रहे थे। इसी दौरान सफाई सुपरवाइजर अनूप सिंह पहुंचे। अमृत विचार के संवाददाता ने जब उन पर लगे आरोपों को लेकर बात करनी चाही तो उनसे अभद्रता की गई। उनके कैमरे पर हाथ मारा गया। कैमरा बंद करने की धमकी भी दी गई। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि सफाई कर्मियों की शिकायत व मीडिया से अभद्रता करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर को हटा दिया गया है।
होली के मद्देनजर वेतन हुआ अवमुक्त
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि लायंस सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज पर सफाई कर्मियों का दो माह का वेतन बकाया था। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी से वार्ता के बाद होली के मद्देनजर सफाई कर्मचारियों का वेतन अवमुक्त करा दिया है। सफाई कर्मियों की शिकायत पर सुपरवाइजर को भी हटा दिया है।
यह भी पढ़ें- Barabanki News : दूसरे की जमीन अपनी बताकर बेंची, एक करोड़ रुपये ठगे
