Kanpur: कांग्रेस नगर अध्यक्ष के खिलाफ आलोक मिश्रा का मोर्चा; बोले- एक बेटा सपा में, एक बेटा भाजपा में और पिता कांग्रेस महानगर अध्यक्ष...
सोनिया गांधी, राहुल और खड़गे के सामने गूंजी कानपुर कांग्रेस की कलह
कानपुर, अमृत विचार। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रहे अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य आलोक मिश्रा ने अहमदाबाद में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समक्ष मंच से कानपुर महानगर अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अहमदाबाद में अधिवेशन में आलोक मिश्रा को भी संबोधन का मौका दिया गया। आलोक मिश्रा ने कहा कि वह कार्यकर्ता जो सन् 1982 से कांग्रेस में है, आज आपसे आह्वान करने आया हूं कि हम लोग भाजपा से बाद में लड़ते हैं, कांग्रेसी आपस में लड़ता है। एक बात तय कर लीजिए कि ऊपर से जो फैसला हो जाएगा, उसको हम सहर्ष स्वीकार करेंगे।
राहुल जी मैं आपसे कहने आया हूं, खड़गे जी आपसे कहने आया हूं, आप भाजपा के लोगों को हटाना चाहते हैं। कांग्रेस के अंदर जो भाजपा के लोग हैं, उन्हें आप हटाना चाहते हैं तो कोई अगर किसी का एक लड़का समाजवादी पार्टी में हो, दूसरा लड़का भाजपा में हो तो क्या वह शहर अध्यक्ष होने लायक है (यह बात उन्होंने बिना नाम लिए पवन गुप्ता पर कही है)।
शहर अध्यक्षों को जो आपने सत्ता दी है, हम उसको स्वीकार करते हैं लेकिन साथ ही ये भी तय कर दीजिए कि जो भी शहर अध्यक्ष या जिलाध्यक्ष होगा, वह चुनाव लड़ने के लिए आवेदन नहीं करेगा बल्कि सिर्फ संगठन का काम करेगा। उन्होंने कहा कि कानपुर में लोकसभा के चुनाव में हमको 4 लाख 22 हजार मत हासिल हुए, 1947 से कभी कांग्रेस को इतने वोट नहीं मिले। आज वे संकल्प लेकर जा रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के लिए मैं अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दूंगा।
निजी स्कूलों के खिलाफ आंदोलन से आहत हैं आलोक
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने आलोक मिश्रा के बयान पर कहा है कि उनके द्वारा निजी स्कूलों की लूट के विरुद्ध प्रारम्भ की गई लड़ाई से आलोक मिश्रा आहत हो गए इसलिए झूठे बयान देने का कार्य कर रहे हैं। ये उनकी राजनैतिक हताशा और कुंठा का प्रतीक है। पवन गुप्ता ने कहा कि मेरा कोई भी पुत्र भाजपा में नहीं है जिस पुत्र को भाजपा में होना कहा गया है।
वह पिछले 4 वर्षों से उत्तर प्रदेश कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष है और पूरी तरह कांग्रेस पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता है। उनका दूसरा पुत्र सपा नेता है। पिछले 8 माह से वह सपा में सक्रिय नहीं है और पूरी तरह मेरे साथ लग कर कार्य कर रहा है। मेरे दोनों पुत्र पूरी निष्ठा से मेरे साथ हैं। कांग्रेस हाईकमान को इस झूठी बयानबाजी के लिए आलोक मिश्रा पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- कानपुर में तेज बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा: दिन में रात जैसा नजारा, पिकनिक स्पॉट पर लुत्फ उठा रहे लोग, देखें- PHOTOS
