कासगंज: आंधी ने लहरा और नगला धोकल में बरपाया कहर...आग में राख हुए कई मकान
सोरोंजी/सहावर, अमृत विचार। बुधवार की रात आए भीषण आंधी के दौरान लगी आग से कई घरों में आग लग गई। जिससे ग्रामीणों के घरों में रखा गल्ला, घरेलू सामान, मवेशी झुलस गए। एक गाय भी आग की चपेट में आकर मर गई। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
सोरोंजी क्षेत्र के गांव लहरा में बुधवार की देर रात्रि लगी आग से गांव में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज आंधी के चलते आग गांव में कई घरों में फैल गई। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों व ग्रामीणों ने मिलकर मशक्कत कर आग को बुझाया। आग में खुशीराम के 20 क्विंटल गेहूं, 10 क्विंटल लहसुन, 3 बकरी व 50 हजार रुपये की नकदी, आभूषण व घरेलू सामान जल गया। कालीचरण का 10 क्विंटल लहसुन, 10 क्विंटल गेहूं, 50 क्विंटल भूसा, गाय का बछड़ा व अन्य घर गृहस्थी का सामान जल गया।
धराधर मिश्रा का 40 क्विंटल भूसा, रमन सिंह की तीन बकरी व झोपड़ी, राजेंद्र की झोपड़ी, 25 क्विंटल गेहूं, 3 क्विंटल सरसों, भूसा, थ्रेसर आदि घर गृहस्थी का सामान, गंगाधर की झोपड़ी व घर गृहस्थी का सामान, रामकिशोर का 15 क्विंटल भूसा व एक पंपसेट मशीन जल गई। राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर क्षति का आंकलन किया है। सहावर क्षेत्र में गांव नगला धोकल में बुधवार रात 9 बजे आंधी आते ही गांव निवासी अवधेश की झोपड़ी में आग लग गई। गनीमत रही उसी समय बारिश शुरू हो गई, जिससे आग अन्य मकानों तक फैलनी से बच गई। आग से उसके घरेलु सामान जल गया है।
सदर विधायक व पालिकाध्यक्ष ने पीड़ितों से की मुलाकात
लहरा में अग्निकांड पीड़ितों से सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, भाजपा नेता राजवीर भल्ला, अंकुर पाराशर, संपूर्णानंद भारद्वाज मिले। अग्निकांड पीड़ितों को हुई क्षति की जानकारी की। उनके हाल जानकार हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
