लखीमपुर खीरी : घर में लगी आग के कारण पांच पशु जिंदा जले, परिवार के दो लोग झुलसे
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां के गांव नेवादा में मंगलवार की रात अज्ञात कारणों के चलते एक घर में आग लग गई। जिसमें पांच पशुओं की जिंदा जलकर मौत हो गई। दो पशु झुलस गए। घर में रखे 50 हजार रुपये और घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जंगबहादुरगंज मोहम्मदी मार्ग के किनारे बसे गांव नेवादा में मंगलवार की रात 12 बजे जीतराम पुत्र राम बख्श के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जैसे ही आग से घर के छप्पर आदि जलने लगे तो घर के सदस्य जैसे तैसे बाहर भागे। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जब तक फायर ब्रिगेड आई,तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। लेकिन काफी नुकसान हो चुका था। आग से जलकर एक गाय ,एक बछिया,एक पड़िया और दो बकरी मर गईं, दो भैंसे आग से झुलस गई और एक भैंस कहीं चली गई।
जाने वाली भैंस का अभी तक तक पता नहीं चला है। गृहस्वामी के भांजे शिवम की कापी किताबें भी जल गईं। भुक्तभोगी ने बताया कि आग में उसके घर में रखे 50 हजार रुपए भी जल गए। जीतराम का आरोप है कि उसके घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई है। उसने गांव के मुनेंद्र और नन्हें पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाना पसगवां में तहरीर दी है। थाना प्रभारी रविन्द्र सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है ।
उधर आगजनी की सूचना डीएम और एसडीएम को भी दी गई। एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार राम बालक, पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राहुल सिंह, लेखपाल अरविंद शुक्ला आदि मौके पर पहुंच गए। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात है। पशु चिकित्साधिकारी डा राहुल सिंह ने बताया कि मृत पशुओं के डेथ सर्टिफिकेट शाम तक दे दिए जाएंगे और झुलसे पशुओं आदि नुकसान की रिपोर्ट प्रशासनिक अधिकारियों को दी जाएगी।
