राजधानी देहरादून में लूटपाट के बाद एनकाउंटर, बदमाश ढेर
कार सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर दो लाख रुपए लूटे
अमित शर्मा, देहरादून।
अमृत विचार: राजधानी देहरादून में बुधवार देर रात कार सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर दो लाख रूपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिससे गोली लगने से प्रभारी निरीक्षक थाना प्रेमनगर भी घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, थाना प्रेमनगर पर कंट्रोलरूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि, अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की घटना की है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेम नगर नरेश राठौड़ फोर्स के मौके पर पहुंचे तो उक्त घटना का पीड़ित घायल अवस्था में मिला। उसने अपना नाम देवराज बताते हुए जानकारी दी कि अभी-अभी कुछ बदमाशों द्वारा जो काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे, लूटपाट की घटना कर मुझे गोली मार कर विश्रांति की तरफ भागे हैं। घायल ने पुलिस को बताया कि मेरे से छीने नीले रंग के बैग में मेरे दो लाख रुपए व एक मोबाइल, एक हिसाब किताब की डायरी व मेरी आईडी व अन्य कागजात थे, वो भी लूट लिए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि, घायल को प्राथमिक उपचार देकर अपने साथ लेकर बताए गए रास्ते की तरफ जब बदमाशों का पीछा किया गया तो कुछ दूर जंगल मे काले रंग की गाड़ी जाती दिखाई दी। पीछा करने पर कार सवार लोग पुलिस पर फायर करते हुए गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागे। पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर गोली चलाईं। इस दौरान इंस्पेक्टर प्रेमनगर नरेश राठौड़ गोली लगने से घायल हो गए जबकि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा फायरिंग में एक बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गया जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग गए। मृत बदमाश की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
