गंगा एक्सप्रेस-वे से 12 जिलों में ‘आर्थिक क्रांति’ की नींव: मैन्युफैक्चरिंग, एग्री-बेस्ड इंडस्ट्री, टेक्सटाइल और लॉजिस्टिक्स को मिलेगा बढ़ावा
मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़कर बनेगा एकीकृत आर्थिक नेटवर्क
लखनऊ, अमृत विचार: गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे 12 जिलों को जोड़ते हुए व्यापक आर्थिक परिवर्तन की आधारशिला रख रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों की आर्थिक विशेषताओं के अनुरूप नए अवसर उभर रहे हैं।
मेरठ-हापुड़ में मैन्युफैक्चरिंग और स्पोर्ट्स गुड्स, बुलंदशहर-अमरोहा में फूड प्रोसेसिंग व डेयरी, शाहजहांपुर-हरदोई में एग्री-बेस्ड इंडस्ट्री, उन्नाव-रायबरेली में टेक्सटाइल व एमएसएमई और प्रयागराज में लॉजिस्टिक्स व टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इस तरह यह एक्सप्रेस-वे विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को जोड़कर एक इंटरकनेक्टेड नेटवर्क तैयार करता है।
गंगा एक्सप्रेस-वे को केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट कॉरिडोर के रूप में डिजाइन किया गया है। दो मुख्य टोल प्लाजा, 19 रैंप टोल, 9 जनसुविधा परिसर, 960 मीटर लंबे गंगा ब्रिज और 720 मीटर रामगंगा ब्रिज जैसी संरचनाएं इसे मजबूत बनाती हैं। 120 मीटर का राइट ऑफ वे भविष्य के विस्तार और औद्योगिक विकास के लिए पर्याप्त स्थान देता है।
निवेश का हाईवे, रोजगार का इंजन
एक्सप्रेस-वे के किनारे विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक्स हब इसे निवेश का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं। वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज, एमएसएमई, फूड प्रोसेसिंग और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर तेजी से विकसित होंगे। इससे लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अवसर मिलेंगे।
वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की ओर बड़ा कदम
उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य में यह एक्सप्रेस-वे ‘इकोनॉमिक मल्टीप्लायर’ की भूमिका निभाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ेगा, उद्योग स्थापित होंगे, रोजगार सृजित होंगे और आय में वृद्धि होगी। इस तरह गंगा एक्सप्रेस-वे प्रदेश को इंफ्रास्ट्रक्चर-ड्रिवन ग्रोथ मॉडल की ओर ले जाकर आर्थिक नेतृत्व की नई दिशा देगा।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियां ही नहीं, दौड़ेंगे सपने और अवसर
गंगा एक्सप्रेस-वे सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक भविष्य की नई धुरी बनकर उभर रहा है। यहां अब केवल गाड़ियां ही नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग, सपने और अवसर भी दौड़ेंगे। यह प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी की औद्योगिक क्षमता को पूर्वांचल के कृषि और श्रम आधारित क्षेत्रों से जोड़ता है। इससे उत्पादन, आपूर्ति और बाजार के बीच दूरी कम होगी और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री की सक्रिय निगरानी और प्रतिबद्धता रही निर्णायक
इस पूरे प्रोजेक्ट की गति बनाए रखने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सक्रिय निगरानी और प्रतिबद्धता निर्णायक रही। उन्होंने नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से हर चरण की प्रगति पर नजर रखी, जबकि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) की सक्रिय भूमिका ने जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को गति दी। ड्रोन सर्वे, डिजिटल ट्रैकिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की गई। परिणामस्वरूप, यह मेगा प्रोजेक्ट न केवल चुनौतियों को पार करता हुआ आगे बढ़ा, बल्कि तय समयसीमा में पूरा होकर प्रभावी प्रशासन और मजबूत नेतृत्व का उदाहरण भी बना।
पीएम मोदी ने देखा यूपी का ‘ग्रोथ मैप’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण अवसर पर उत्तर प्रदेश के विकास के भविष्य की झलक देखी। कार्यक्रम स्थल पर यूपीडा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत का समग्र प्रस्तुतीकरण किया गया।
सीएम ने एक्सप्रेस-वे नेटवर्क की दी विस्तृत जानकारी, पीएम ने सराहा विजन
योगी आदित्यनाथ ने स्वयं प्रधानमंत्री को एक्सप्रेसवे नेटवर्क की रणनीतिक उपयोगिता, कनेक्टिविटी और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने इस व्यापक प्लानिंग को ‘नए उत्तर प्रदेश’ की आधारशिला बताते हुए इसकी सराहना की।
यूपीडा की प्रदर्शनी में कनेक्टिविटी से समृद्धि तक का पूरा ब्लूप्रिंट दिखा
प्रदर्शनी में केवल इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी झलकी। प्रयागराज महाकुंभ संगम, महात्मा बुद्ध की प्रतिमा, मंदिरों की झांकियां और प्रतापगढ़ के पक्षी अभयारण्य जैसे दृश्य आकर्षण का केंद्र रहे। इससे यह संदेश गया कि विकास के साथ संस्कृति को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
संतुलित विकास का मॉडल
प्रदर्शनी में गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े 12 जिलों, कनेक्टिविटी और निर्माण प्रक्रिया को विस्तार से दिखाया गया। यह स्पष्ट किया गया कि यह परियोजना केवल यात्रा को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय संतुलित विकास को भी गति देगी।
आर्थिक गलियारा बनेगा गेमचेंजर
एक्सप्रेस-वे के किनारे विकसित होने वाले इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब की योजनाओं ने भी प्रधानमंत्री का ध्यान खींचा। इन परियोजनाओं के माध्यम से बड़े निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा होंगे।
ये भी पढ़ें :
यूपी में चार आवासीय योजनाओं के लिए भूमि खरीद को मंजूरी, अयोध्या और वाराणसी समेत इन शहरों में खरीदी जाएगी जमीन
