बलरामपुर-बिजनौर में पर्यटन विकास को नई गति, 909 लाख की 8 परियोजनाएं स्वीकृत, कई धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य योजना के तहत मुरादाबाद मंडल के जिला बिजनौर की विभिन्न विधानसभाओं में पर्यटन विकास की आठ परियोजनाओं के लिए 909 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कार्यदायी संस्था के रूप में यूपीएसटीडीसी को नामित किया गया है, जिसे सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र में प्राचीन संत शिरोमणि रविदास मंदिर के विकास के लिए 44 लाख रुपये, सदर क्षेत्र के उमा महेश आश्रम निजामतपुरा गंज के लिए 40 लाख रुपये, नूरपुर स्थित झंडेवाला बाबा मंदिर के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बिजनौर के ऐतिहासिक बिदुर कुटी स्थल के समेकित विकास के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है, जिसका कार्य सीएनडीएस संस्था द्वारा कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगीना स्थित श्रीराम लीला बाग मंदिर के लिए 111 लाख रुपये, नहटौर के अड्डे वाला बाबा स्थल के लिए 87 लाख रुपये, धामपुर के केड़ीवाले बाबा स्थल के लिए 50 लाख रुपये तथा विकासखंड अल्लेहपुर धाम स्थित स्थल के विकास के लिए 112 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बलरामपुर में  786 लाख की 7 परियोजनाएं स्वीकृत

पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य योजना में देवी पाटन मंडल के बलरामपुर की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए 786 लाख रुपये की सात परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा आसपास बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कार्यदायी संस्था के रूप में यूपीएसटीडीसी को नामित किया गया है, जिसे गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बलरामपुर सदर क्षेत्र के गिधरैया तहसील मंदिर के विकास के लिए 68 लाख रुपये, गैसड़ी विधानसभा के पचपेड़वा स्थित ग्राम इमिलिया कोडर में ग्रामीण पर्यटन के लिए 18 लाख रुपये तथा भियूरा बाबा स्थल के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी क्रम में उतरौला के प्राचीन शिव मंदिर के विकास के लिए भी 1 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

उन्होंने बताया कि तुलसीपुर क्षेत्र में शिव मंदिर गनवरिया के विकास के लिए 235 लाख रुपये, नगर पंचायत के मुख्य मार्गों पर डेकोरेटिव एवं ऑर्नामेंटल लाइटिंग के लिए 115 लाख रुपये तथा मुख्य मार्गों के दोनों ओर म्यूरल वॉल निर्माण के लिए 150 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ये भी पढ़ें : 
रामनगरी में शादियों के सीजन ने बढ़ाई कमर्शियल गैस की डिमांड, जानें क्या है रिफिलिंग और सप्लाई का हाल 

संबंधित समाचार