संगम नगरी में तापमान 45 डिग्री के पार, लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में आ रहे लोग, प्रशासन ने की अपील
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन पर व्यापक असर डाला है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जहां लोग लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में आ रहे हैं, वहीं अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
हालांकि बुधवार को मौसम में हल्का बदलाव आने से लोगों को कुछ राहत मिली। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जिले की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ट्रांसफार्मरों और अंडरग्राउंड केबलों में फॉल्ट आने से कई स्थानों पर अघोषित बिजली कटौती करनी पड़ी।
इसके चलते पेयजल आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली की बढ़ती मांग और ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मरों के अत्यधिक गर्म होने की समस्या को देखते हुए विद्युत विभाग ने उन्हें ठंडा रखने के लिए विशेष उपाय शुरू किए हैं। शहर के बिजलीघर, म्योहाल, कल्याणी देवी और टैगोर टाउन समेत कई उपकेंद्रों पर ट्रांसफार्मरों के पास कूलर और पंखे लगाए गए हैं।
इसके साथ ही अर्थिंग को सुरक्षित रखने के लिए जमीन पर लगातार पानी डाला जा रहा है। विद्युत वितरण खंड कल्याणी देवी के अधिशासी अभियंता शशांक गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत में करीब 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर गर्म हो रहे हैं। इन्हें सुरक्षित रखने के लिए कूलिंग की व्यवस्था की जा रही है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही विद्युत उपकरणों का उपयोग करें, ताकि लोड नियंत्रित रखा जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन घरों में एक से अधिक एसी हैं, वे सीमित उपयोग करें, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
बिजली विभाग के अनुसार, ट्रांसफार्मर फुंकने से जहां विद्युत आपूर्ति बाधित होती है, वहीं विभाग को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। विभाग की प्राथमिकता निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना है, जिसके लिए ट्रांसफार्मरों के लोड की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार कूलिंग के उपाय किए जा रहे हैं।
