प्रयागराज में हाई वोल्टेज ड्रामा : प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, इलाके में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार बुढ़िया का इनारा बाजार में एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई और कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती टावर पर चढ़कर अपने प्रेमी से फोन पर लगातार बात कर रही थी और बार-बार शादी न होने पर जान देने की बात कह रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद तीन स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए टावर पर चढ़कर सूझबूझ से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। उनकी इस बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

इसके बाद पुलिस युवती को फूलपुर कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ में पता चला कि उसका अपने प्रेमी से लंबे समय से संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। हालांकि, प्रेमी के परिजनों ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया, जिससे आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। 

संबंधित समाचार