होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर सीएम योगी ने की बैठक, कहा- परीक्षा की शुचिता से नहीं होगा कोई समझौता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न अहम मुद्दों पर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता पारदर्शिता, सुरक्षा और जनसुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन है।

मुख्यमंत्री ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। नकल, पेपर लीक या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परीक्षार्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, छाया और सुचारु यातायात व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में हर फीडर स्तर पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की आशंकाओं का मौके पर ही समाधान किया जाए और इस संबंध में गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए। कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जातीय तनाव भड़काने की साजिशों पर कड़ी नजर रखी जाए और अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

औद्योगिक क्षेत्रों को लेकर मुख्यमंत्री ने 30 अप्रैल से 2 मई के बीच विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बारूद गोदामों और आतिशबाजी कारखानों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो और किसी भी प्रकार की परवाही पर जवाबदेही तय की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी नियमित समीक्षा करें और आम जनता को भरोसा दिलाएं कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

संबंधित समाचार