पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ई-युग, ग्रीन एनर्जी की ओर देश... ई बसों के बढ़ते चलन से हर सफर clean and green

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

देश में सरकारी पहल, सब्सिडी और शहरों में वायु तथा ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने की जरूरत के चलते सार्वजनिक परिवहन के विकल्प के रूप में इलेक्ट्रिक बसों का बाजार तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिलहाल, इलेक्ट्रिक बस बाजार पर टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक, बीवाईडी, जेबीएम ऑटो और महिंद्रा इलेक्ट्रिक जैसी प्रमुख कंपनियों का दबदबा है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक आठ लाख डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने का है। इसके लिए भारत सरकार प्रधानमंत्री-ई-बस सेवा योजना के तहत निजी बस ऑपरेटरों को शामिल कर रही है, तो राज्य सरकारों ने भी ई-बस सेवाएं देने वाले निजी ऑपरेटरों के साथ भागीदारी बढ़ाई है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर और लखनऊ में 10-10 रूटों पर निजी बस ऑपरेटरों के जरिए इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना को मंजूरी दी है। निजी इलेक्ट्रिक बस ऑपरेटर भी तेजी से अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। ऐसी कंपनियों में न्यूगो, प्रसन्ना पर्पल और ईवेट्रांस सबसे आगे हैं। न्यूगो एक प्रीमियम इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा है जो स्लीपर, सेमी-स्लीपर और सीटर कोच विकल्प प्रदान करती है और 150 से अधिक मार्गों पर उपलब्ध है। ईवेट्रांस को पुरीबस के नाम से जाना जाता है। इसकी पुणे-मुंबई इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा खासी लोकप्रिय है।  

सड़क पर दौड़ता भविष्य है इलेक्ट्रिक बस क्रांति

भारत तेजी से अपने सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र का विद्युतीकरण कर रहा है, और ऑटो सेक्टर विशेषज्ञों का मानना है कि देश इलेक्ट्रिक बस क्रांति के मुहाने पर खड़ा है। इसके चलते ई-बसें अब ट्रेंड नहीं, वाणिज्यिक परिवहन का वह भविष्य हैं, जिसकी अगुवाई टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, ओलेक्ट्रा, जेबीएम ऑटो जैसे ब्रांड कर रहे हैं। यह परिवर्तन जल्दी ही शहरी गतिशीलता को पूरी तरह से नया रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। जैसे-जैसे तकनीक आगे बढ़ेगी, लंबी दूरी, तेज चार्जिंग समय और अधिक स्मार्ट फीचर्स वाली बसें देखने को मिलेंगी।

-2-3 : करोड़ है देश में इलेक्ट्रिक बसों की औसत कीमत

-2,400 - इलेक्ट्रिक बसें देश में पंजीकृत हुईं जनवरी से जुलाई 2025 के बीच

-08 – लाख डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने का लक्ष्य है 2030 तक  

MUSKAN DIXIT (12)

शहरों के लिए पॉवरहाउस टाटा स्टार बस अर्बन सिटी

देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने अपनी स्टारबस अर्बन सिटी इलेक्ट्रिक को विशेष रूप से शहरी परिवहन के लिए डिजाइन किया है। यह लो फ्लोर बस यात्रियों को आसान चढ़ाई की सुविधा देती है। संचालन के दौरान शून्य टेल पाइप उत्सर्जन वाली यह बस तेज चार्जिंग क्षमताओं के साथ शहरी गतिशीलता में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।

- टाटा स्टारबस अरबन 9/12मीटर 
- बैठने की क्षमता: 40 यात्री तक
- बैटरी: 186 kWh लिथियम-आयन (विस्तार योग्य)
- रेंज: प्रति चार्ज 150 किमी
- चार्जिंग समय: 2-3 घंटे (फास्ट चार्जिंग)

अशोक लीलेंड सर्किट एस में बैटरी बदलो और आगे के सफर पर चलो

मेक इन इंडिया के रूप से विकसित यह बस एक नवाचार है। इसका सबसे बड़ा फायदा स्वैपेबल स्मार्ट बैटरी है। पूरी तरह चार्ज होने का इंतजार करने के बजाय, ऑपरेटर मिनटों में बैटरी बदल करके फिर से यात्रा शुरू कर सकते हैं। कम रखरखाव लागत और लचीली सीटिंग क्षमता के साथ यह बस शहरी और अंतर-शहरी दोनों मार्गों के लिए बेहतरीन विकल्प है।

बैठने की क्षमता: 35 से 65 यात्री
रेंज: प्रति चार्ज 120 किमी
विशेषता: स्वैपेबल बैटरी तकनीक

ओलेक्ट्रा सी 9 लंबी दूरी की यात्रा के लिए दिग्गज विकल्प 

12 मीटर लंबी ओलेक्ट्रा सी9 इलेक्ट्रिक बस शून्य उत्सर्जन करती है। लंबी रेंज की घुड़सवार जैसी यह बस अंतर-शहरी मार्गों के लिए आदर्श है। अधिकतम गति 100 किमी प्रतिघंटा से अधिक है। इंटरसिटी इलेक्ट्रिक कोच के रूप में इसका इस्तेमाल हो रहा है। शानदार डिजाइन, आरामदायक सीटिंग और सुरक्षा सुविधाओं से लैस यह बस स्लो चार्जर से भी चार घंटे में चार्ज हो जाती है।    

ब्रांड: ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक 
बैठने की क्षमता: 45-49 यात्री
बैटरी: उन्नत लिथियम-आयन-फॉस्फेट
रेंज: प्रति चार्ज 300 किमी
चार्जिंग समय: 2-3 घंटे (फास्ट चार्जिंग)

MUSKAN DIXIT (13)

जेबीएम ईको-लाइफ इलेक्ट्रिक स्मार्ट, टिकाऊ और शोर मुक्त 

जेबीएम ईको-लाइफ सीरीज अत्याधुनिक तकनीक और स्थिरता का सही मिश्रण है। स्मार्ट एआई-आधारित फीचर्स, इंटेलिजेंट एनर्जी मैनेजमेंट और आधुनिक डिजाइन के साथ यह बस उन शहरों के लिए उपयुक्त है जो बिजली से चलने वाली शक्तिशाली लेकिन शोर मुक्त बसों की तलाश में हैं। 9-मीटर संस्करण संकरी सड़कों के लिए और 12-मीटर संस्करण लंबी दूरी के लिए उपयुक्त है।

ब्रांड: जेबीएम ऑटो 
बैठने की क्षमता: 35+ यात्री
बैटरी: 261 kWh लिथियम-आयन
रेंज: प्रति चार्ज 150-200 किमी

बीवाईडी के 9 ग्लोबल इलेक्ट्रिक दिग्गज

इलेक्ट्रिक वाहनों के वैश्विक ब्रांड बीवाईडी की यह बस कई शहरों में संचालित हो रही है। यह बस विशाल बैटरी क्षमता, विस्तारित रेंज और अल्ट्रा-स्मूथ प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत बैटरी तकनीक विशेषज्ञता है। यह शहरी और अंतर-शहरी दोनों यात्राओं के लिए एक पसंदीदा विकल्प है।

ब्रांड: BYD (बिल्ड योर ड्रीम्स)
बैठने की क्षमता: 30 यात्री
बैटरी: 313 kWh लिथियम-आयन
रेंज: प्रति चार्ज 250 किमी
चार्जिंग समय: 3-4 घंटे

यह भी पढ़ेंः UP News: 'अंबेडकर नगर में एक महीने में 56 लड़कियों का हुआ अपहरण...', चंद्रशेखर आजाद ने योगी सरकार पर उठाए सवाल... की ये मांग

संबंधित समाचार