सुरक्षा से खिलवाड़ : बिना नवीनीकरण दौड़ रहे 234 स्कूली वाहन
नोटिस में 30 अप्रैल तक की अंतिम समय सीमा की गई थी निर्धारित
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट और फिटनेस जैसे अनिवार्य दस्तावेजों का नवीनीकरण कराए बिना 234 स्कूली वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे हजारों बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही है।
गुरुवार को संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि खुलासा तब हुआ जब परिवहन विभाग ने पोर्टल पर स्कूली वाहनों का डेटा अपलोड किया। जांच में मिला कि बड़ी संख्या में वाहन निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं और समय सीमा समाप्त होने के बावजूद उनका नवीनीकरण नहीं कराया गया है। इस लापरवाही ने विभागीय व्यवस्था के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने सभी स्कूलों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेजों के तत्काल नवीनीकरण के निर्देश दिए हैं। नोटिस में 30 अप्रैल तक की अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई थी। विभाग ने चेतावनी दी है कि जो वाहन इस अवधि तक नवीनीकरण नहीं कराएंगे, उनका पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा। इसके अलावा ऐसे वाहनों को सड़कों पर चलते पाए जाने पर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे और संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी मान्यता रद्द की जा सकती है। सख्त रुख से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
