Bareilly : कैंसर का खतरा टालने के लिए बेटियों के लगवाएं टीका, गुजरात दिवस पर विश्वविद्यालय का जागरुकता अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने गुजरात दिवस पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण और स्वच्छता जागरुकता अभियान चलाया। फार्मेसी विभाग के प्रोफेसर अमित कुमार वर्मा के नेतृत्व में शिक्षक-स्टूडेंटस ने लालपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कार्यक्रम किया।

डॉ. अमित कुमार वर्मा ने कहा कि समाज एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकत हो। एचपीवी संक्रमण कई प्रकार के कैंसर, विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है, और टीकाकरण इसके प्रभावी बचाव का माध्यम है।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नाटक, भाषण, गीत-पोस्टर के जरिये टीकाकरण और स्वच्छता की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। ग्रामीण और बच्चों को बताया गया कि टीकाकरण को लेकर सजग रहें। ये टीका 9 से 14 साल तक की उम्र की बच्चियों को लगाया जाता है, ताकि उनमें भविष्य में सर्वाकल कैंसर का खतरा टाला जा सके। ये टीका शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है जो कैंसर से लड़ने की ताकत रखता है। 

यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं—सुरभि शाक्य, प्रगति तिवारी एवं मुनीश मौर्य ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी दीपक वर्मा, आनंद पटेल एवं दीपक कनौजिया ने टीकाकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी उपस्थित हुए। अपने संबोधन में डॉ. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि एचपीवी संक्रमण न केवल सर्वाइकल कैंसर, बल्कि अन्य प्रकार के कैंसर का भी कारण बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।

संबंधित समाचार