आज यात्रियों का तिलक लगा होगा स्वागत, अयोध्या एयरपोर्ट पर पहली बार मनाया जाएगा यात्री सेवा दिवस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को पहली बार यात्री सेवा दिवस मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर सुबह की पहली फ्लाइट से आने वाले यात्रियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। यह आयोजन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और बाधारहित सेवाएं प्रदान करने का संदेश देता है, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी प्रदर्शित करता है।

यात्री सेवा दिवस का उद्देश्य हवाई अड्डे पर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके अनुभव को और बेहतर बनाना है। निदेशक विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि सांस्कृतिक की प्रस्तुतियों के माध्यम से अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही मुमताज नगर के सरकारी विद्यालय के 15 मेधावी बच्चे चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के सहयोग से एयरपोर्ट पर एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस पहल के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।

ये भी पढ़े :  स्वास्थ्य विभाग में बह रही उल्टी गंगा, जूनियर पर मेहरबानी, वरिष्ठ दरकिनार

संबंधित समाचार