वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगा अयोध्या...बढ़ने लगी दीपोत्सव को लेकर सरगर्मी, 30 सितंबर की डेड लाइन तय 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: अयोध्या के दिव्य दीपोत्सव को लेकर सरगर्मी बढ़ने लगी है। बैठकों के साथ बड़े अफसरों के दौरे शुरू हो गए हैं। सरयू तट पर होने वाले दिव्य दीपोत्सव का आयोजन 18 अक्टूबर से प्रस्तावित है। इस बार नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। 28 लाख से ज्यादा दीप सजाए जाएंगे। सरयू आरती में भी नए रिकॉर्ड की उम्मीद की जा रही है। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात बुधवार शाम अचानक पहुंचे। दीपोत्सव की तैयारियां देखी। राम कथा पार्क, हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी, सैल्फीप्वाइंट, पर्यटन सुविधा देखी। काम पूरा करने के लिए 30 सितंबर की डेड लाइन तय की।

अब बढ़ेगी अयोध्या में आने वाले पर्यटकों की संख्या

बारिश अब अपने अंतिम चरण में है। त्योहारी सीजन और मौसम में बदलाव के साथ अयोध्या में आने वाले धार्मिक पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने पर्यटन सुविधाओं पर फोकस शुरू कर दिया है। पेयजल, खानापान, बेहतर आवागमन के साथ पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की गई। जरूरत के मुताबिक सुविधाएं बढ़ाए जाने पर जोर है।

पर्यटनस्थलों के साथ दुरुस्त की जा रही दूसरी व्यवस्थाएं

अयोध्या राम नरेश गुप्ता कहते हैं कि अब सीजन शुरू हो रहा है। पर्यटक बढ़ेंगे। व्यवसाय अच्छा होने की उम्मीद है। नवरात्रि के साथ दशहरा और इसके बाद दीपोत्सव, दीपावली फिर राम मंदिर में प्रस्तावित कार्यक्रम पर्यटकों और श्रद्धालुओं के बढ़ने का संकेत कर रहे हैं।

पर्यटकों के साथ होने वाली ज्यादती पर रखनी होगी नजर

पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर अयोध्या में रहने से खाने तक और आवागमन से नाश्ता, पानी तक के दाम अचानक बढ़ या फिर वसूले जाते हैं। श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार अयोध्या की गरिमा के अनुरूप न होने की शिकायतें होती है। श्रद्धालु पीड़ित होते हैं। आम आदमी के लिए आवागमन में अधिक पैसे ले लिए जाते हैं। इन पर भी गौर किया जना चाहिए।

पेयजल, छाया, आवागमन जैसी व्यवस्था रहेगी बेहतर:डीएम

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे भी उम्मीद जताते हैं कि नवरात्रि के साथ अयोध्या में पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा। वह अयोध्या के विभिन्न पर्यटक स्थलों को देखना पसंद करेंगे। व्यवस्थाएं की जा रही है। पेयजल, छाया के साथ आवागमन में दिक्कत न हो इसकी भी व्यवस्था है। प्राइवेट संचालन करने वालों से समन्वय किया गया है। श्रद्धालुों और पर्यटकों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।

 

 

संबंधित समाचार