UP: मंदिर से पैसे चुराने के आरोपी किशोरों को खंभे से बांधकर पीटा, महंत खिलाफ FIR
तिलहर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर से पैसे चुराने के आरोप में दो किशोर को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने दोनों किशोर को टीन शेड परिसर में खंभे से बांध दिया और दोनों की जमकर पिटाई की। पुलिस ने दोनों किशोर को छुड़ाया। दोनों किशोर की पिटाई का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने मंदिर के महंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे क्षेत्र में काछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर पर काफी भीड़ थी। इस दौरान दो किशोर मंदिर परिसर में घूम रहे थे। आरोप है कि दोनों किशोर ने महिलाओं का पर्स चुराने का प्रयास किया। भीड़ ने दोनों किशोर को पकड़ लिया। लोग दोनों की पिटाई करते हुए मंदिर के बाहर टीन शेड के नीये ले आए। लोगों ने टीन शेड के नीचे खंभे से दोनों को बांध दिया। लोगों ने दोनों किशोर की डंडे से पिटाई शुरु कर दी। पूरी घटना क्रम का लोगों ने पिटाई आदि का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया वायरल में मंदिर का महंत भी दोनों बच्चों को पीट रहा है। किसी ने तिलहर थाना पर सूचना दी।
सूचना पर उप निरीक्षक गौरव कुमार मंदिर परिसर में पहुंचे और दोनों बच्चों को छुड़ाया। पुलिस दोनों किशोर को थाना पर ले आयी। मंदिर में पूजा करने पहुंचे क्षेत्र के बिलहरा गांव के लोकेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि मंदिर के महंत और अन्य लोगों ने बच्चों के साथ मारपीट की है। पुलिस ने तहरीर के आधार मंदिर के महंत के राम लखन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी किशोर के परिजन मंगलवार की शाम तक तिलहर थाने नहीं पहुंचे थे।
इधर निगोही थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया निवासी महिला श्रद्धालु सुमन ने तिलहर थाना पर गयी। महिला ने दोनों किशोर पर बच्चे का खड़वा और पर्स चुराने का आरोप लगाया है। महिला ने दोनों किशोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर महंत राम लखन गिरी ने आरोप लगाया है कि दोनों किशोर चोरी करते हुए पकड़े गए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि महंत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों किशोर को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
