बुंदेलखंड में डेयरी क्षमता बढ़ाने की परियोजनाओं को मंजूरी: बांदा में लगेगा नया 20 हजार लीटर क्षमता का डेयरी प्लांट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंजूर किया गया।

इसके तहत बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत जनपद बांदा में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का नया डेयरी प्लांट स्थापित किया जाएगा, जबकि झांसी में पहले से संचालित 10 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के डेयरी प्लांट का विस्तार कर उसकी क्षमता 30 हजार लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाई जाएगी।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इन परियोजनाओं से बुंदेलखंड क्षेत्र में डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पाद के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

कैबिनेट ने इन परियोजनाओं के सिविल और मैकेनिकल कार्य टर्न-की आधार पर कराने के लिए इंडियन डेयरी मशीनरी कंपनी लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। 

साथ ही कंपनी को नियमानुसार सेंटेज चार्ज दिए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका व्यय राज्य सरकार अपने संसाधनों से वहन करेगी। नई परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध के लिए बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही दूध के संग्रहण और प्रसंस्करण की पर्याप्त व्यवस्था होने से दूध के खराब होने की समस्या में भी कमी आएगी।

ये भी पढ़ें :
उत्तर प्रदेश उच्चतर न्यायिक सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी, भर्ती-कोटा और चयन प्रक्रिया से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार