पश्चिम एशिया संकट के बाद राहत... भारतीय एयरलाइंस गुरुवार से रियाद उड़ानें फिर शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः भारतीय विमान सेवा कंपनियां सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए 12 मार्च से उडानें शुरू करेंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की मंगलवार देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें शुरू करने वाली हैं। इसी तारीख से इंडिगो भी मुंबई और रियाद के बीच उड़ानें शुरू करेगी। अकासा एयर ने भी गुरुवार से दोनों शहरों के बीच उड़ानें शुरू करने का फैसला किया है।

मंत्रालय ने बताया कि सभी विमान सेवा कंपनियों को सुरक्षा स्थिति पर पूरी तरह विचार करने के बाद ही उड़ानों के परिचालन की अनुमति दी जा रही है। इंडिगो ने बुधवार को पश्चिम एशिया के आठ शहरों के लिए कुल 38 उड़ानों का परिचालन करने की बात कही है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी आज संयुक्त अरब अमीरात के लिए 36 विशेष उड़ानों समेत कुल 58 उड़ानों के परिचालन की बात कही है। उनकी 22 शिड्यूल उड़ानें सऊदी अरब के जेद्दा और ओमान के मस्कट के लिए होंगी। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण 28 फरवरी को क्षेत्र के लिए सभी उड़ानें बंद कर दी गयी थीं। अब धीरे-धीरे परिचालन फिर शुरू किया जा रहा है।

मंत्रालय के अनुसार, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विभिन्न देशों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके भारतीय एयरलाइंस कंपनियों के लिए ओमान के मस्कट को पश्चिम एशियाई शहरों दुबई, अबु धाबी, शारजाह, रस-अल-खैमा, अल-अलाम, फुजैरा, जेद्दा और मदीना का वैकल्पिक हवाई अड्डा घोषित किया है। मंत्रालय ने बताया कि 09 मार्च को विभिन्न पश्चिम एशियाई शहरों से कुल 45 उड़ानें भारत आयीं जिनमें 7,407 यात्री थे।

संबंधित समाचार