लखीमपुर खीरी: लापता युवक का पुलिया के नीचे बाइक समेत शव बरामद, हत्या की आशंका
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। बहन के घर करवा देने जाने के लिए घर से निकले थाना फरधान क्षेत्र के गांव नरहर निवासी 32 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को शहर के राजापुर स्थित पुलिया के नीचे से बरामद हुआ है। पास में ही उसका बाइक पड़ी थी। सदर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना फरधान के गांव नरहर निवासी मालती प्रसाद की बेटी सदर कोतवाली के गांव मानपुर में ब्याही है। उनका 32 वर्षीय पुत्र मनोज अपनी बहन को करवा देने के लिए पल्सर बाइक से बहन के घर आया था। परिवार वालों के मुताबिक वह करवा देकर दोपहर 3:30 बजे घर के लिए वापस निकला था, लेकिन वह शाम तक घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार वालों को चिंता हुई और पता किया तो उसकी बहन की ससुराल वालों ने बताया कि वह तो दोपहर बाद घर के लिए चला गया था। इससे परिजन परेशान हो उठे और उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन न तो फोन रिसीव हुआ और न ही उसका कोई पता चल सका।
तलाश करने पर पता चला कि मनोज पहले आवास विकास निवासी एक युवक से मिलाे। उसके बाद दो लोग उसके साथ पिपरिया में देखे गए, लेकिन इसके बाद से मनोज लापता हो गया। उसका कोई पता न चलने पर परिजन शनिवार को सदर कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने तहरीर बदलवाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली। मंगलवार शाम करीब चार बजे राजापुर स्थित पुलिया में बाइक समेत युवक का शव पड़ा देखा गया तो सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और बाइक बाहर निकलवाई तो शव की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने हत्या कर शव पुलिया के नीचे डाले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उसकी मौत की वजह साफ हो सकेगी। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
