कानपुर : गड्ढे में उछली बाइक, सड़क पर गिरे लोको पायलट को डंपर ने कुचला, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोर पहर तीन बजे सेंट्रल स्टेशन ड्यूटी पर जा रहे थे लोको पायलट, पुलिस ने कुछ दूरी पर खड़े डंपर कब्जे में लिया, चालक की तलाश

कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार में रविवार तड़के गड्ढे में बाइक उछलने से लोकोपायलट सड़क पर दूर जा गिरा। इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डंपर का पहिया लोको पायल के सिर से निकल गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आईकार्ड व अन्य कागजातों के आधार पर शिनाख्त की। खबर पाकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

हंसपुरम के आवास विकास निवासी 48 वर्षीय प्रेम नारायण वर्मा रेलवे में लोको पायलट थे। परिवार में पत्नी भारती, बेटा प्रतीक व बेटी प्रभांसी हैं। कानपुर देहात में भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर तैनात बड़े भाई देवेंद्र कुमार ने बताया कि 14 सालों से उनकी तैनाती सेंट्रल स्टेशन पर थी।

उन्होंने बताया कि रविवार तड़के करीब तीन बजे वह ड्यूटी के लिए घर से बाइक से निकले थे। घर से निकलते ही कुछ दूरी पर हादसा हुआ। देवेंद्र के अनुसार घटनास्थल से करीब एक किमी दूर हाईवे है।

सड़क पर गड्झों के कारण प्रेम नारायण की बाइक का पहिया एक गड्ढे में चल गया था। जिससे वह बाइक समेत उछल पड़े और कुछ दूरी पर जाकर गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज गति डंपर का पहिया उनके सिर से गुजर गया। कुचलने से प्रेम नारायण की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि चालक ने डंफर रोकने के बजाय भगा दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आई कार्ड से लोको पायलट की पहचान की। उनके ही मोबाइल से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़े डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की है।

संबंधित समाचार