कानपुर में महिला की मौत : बच्चों ने लगाया सौतेले पिता पर पीटकर मारने का आरोप, जांच के आधार पर कार्रवाई में जुटी पुलिस   

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। पिटाई से मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची उससे पहले महिला का दूसरा पति व ससुरालीजन शव छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने नाबालिग बेटों के आरोप पर शव पोस्टमार्टम भेजा। बार-बार फोन करने के बाद भी पति पोस्टमार्टम नहीं आया। पुलिस कर्मियों की आर्थिक मदद से बच्चों ने मां का अंतिम संस्कार किया। 

सनिगवां निवासी 45 वर्षीय सावित्रीदेवी ने पति राजेश निषाद की मौत के बाद दूसरा विवाह अनिल शर्मा से किया था। जौनपुर के बैजारामपुर की रहने वाली राजेश की बहन विजमादेवी ने बताया कि पहले पति की मृत्यु के बाद सावित्री जौनपुर में ही पूड़ी का ठेला लगाती थीं। तभी उनकी मुलाकात सनिगवां के अनिल से हुई। 

कुछ दिन बाद दोनों ने शादी कर ली और अनिल के साथ आकर रहने लगी। सावित्री के तीन बच्चे शिवराज, अंकुश व रोशनी पहले से थे, दूसरी शादी करने के बाद एक बेटा आदित्य है। आदित्य के जन्म के बाद अनिल अन्य तीन बच्चों से आएदिन मारपीट करने लगा। विरोध करने पर सावित्री की भी पिटाई होती। 

शिवराज ने बताया कि मारपीट के कारण ही सबसे पहले वह बुआ विजमादेवी के पास जाकर रहने लगा। फिर छोटे भाई और आखिर में बहन को ले गया। क्योंकि चार वर्षीय बहन को भी अनिल काफी पीटता था। मां को डंडा, राड और जूते-चप्पल से मारता व बाल पकड़कर खींचता था। मां की तबियत खराब होने पर इलाज नहीं कराते। पिटाई और इलाज न कराने से मां की मौत हुई है। शिवराज के अनुसार मां की मौत की खबर पर पुलिस को सूचना दी तो अनिल व उसके परिजन शव छोड़कर भाग निकले। 

उसके पास पैसे नहीं थे तो पोस्टमार्टम हाउस पर महिला पुलिस कर्मी ने मदद की, तब जाकर जरूरी काम हो पाए। शव को जौनपुर ले जाना संभव नहीं था, इसलिए महिला पुलिसकर्मी की मदद से यहीं अंतिम संस्कार कर दिया। चकेरी पुलिस के अनुसार बच्चों ने दूसरे पिता पर पिटाई व हत्या का आरोप लगाया है, तहरीर व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : 
कानपुर में 9वीं के स्टूडेंट ने दी जान: कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी, पढ़ाई में कमजोर होने के कारण नहीं जा रहा था स्कूल 

संबंधित समाचार