कानपुर में 9वीं के स्टूडेंट ने दी जान: कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी, पढ़ाई में कमजोर होने के कारण नहीं जा रहा था स्कूल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में नौवीं के छात्र को पढ़ाई के लिए टोकना परिजनों को भारी पड़ा। एचएएल कर्मी के एकलौते बेटे ने फंदे से लटककर जान दे दी। बेटे के लिए नाश्ता लेकर पहुंचे पिता ने उसका शव लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। 

चंद्रविहार निवासी राजेंद्र कुमार साहू एचएएल में टेक्नीशियन हैं। परिवार में पत्नी पूनम, बड़ी बेटी सांभवी और 15 वर्षीय एकलौता बेटा अनंत था। बेटा और बेटी दोनों एक स्कूल में अहिरवां चौकी के पास स्थित पंडित डीपी मिश्रा में पढ़ते थे। पिता के अनुसार नौकरी के सिलसिले में वह करीब एक माह तक बाहर रहे, इस बीच बेटा स्कूल नहीं गया। दीपावली पर वह लौटे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उसे पढ़ाई के लिए टोकना शुरू किया। 

स्कूल न जाने का कारण पूछा तो पेट दर्द, पीठ व सिर में दिक्कत बताकर आनाकानी करता रहा। सख्ती बरतने पर कई दिन नाराज रहा। मंगलवार सुबह पांच बजे ही उसे उठा दिया था। कमरे में बैठकर पढ़ने को कहा। स्कूल जाने का समय होने पर करीब सात बजे उसके कमरे में नाश्ता लेकर गए। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला।

दरवाजा धकियाकर अंदर गए तो देखा बेटे का शव फंदे से लटक रहा था। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। चकेरी पुलिस के अनुसार अनंत पढ़ाई में कमजोर था, इसलिए स्कूल जाने से कतराता था। परिजनों के पढ़ाई का दबाव बनाने पर उसने यह कदम उठाया है। 

युवती ने फंदे लटककर दी जान 

काकादेव में युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवती बीसीए करने के बाद नौकरी करना चाहती थी, लेकिन परिजन राजी नहीं हुए। इसी बात हुई कहासुनी में मां ने डाट दिया। जिससे नाराज होकर फंदे से लटक गई। अंबेडकरनगर निवासी 24 वर्षीय बेटी शिवानी वर्मा बीसीए करने के बाद नौकरी करना चाहती थी। भाई सूरज ने बताया कि शिवानी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। 

शिवानी की भी शादी की तैयारी थी। उसे समझाया गया था कि शादी के बाद अगर ससुराल वाले कहें तो नौकरी करना। मां आशा देवी ने भी उसे यही समझाया। इसी बात पर वह नाराज थी। सोमवार शाम मां ने उससे चाय बनने को कहा, तभी वह ऊपर कमरे में गई और फांसी लगाकर जान दे दी। जब एक घंटे बाद मां को चाय की याद आई तो कमरे में जाकर देखा। वहां शिवानी फंदे से पर लटकी मिली। सूचना पर पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम भेजा।

 
ये भी पढ़े :
कमिश्नर की फर्जी मुहर, हस्ताक्षर कर मुंशी ने जारी कर दिया शपथ पत्र... रिपोर्ट दर्ज, चेतावनी के बावजूद करता रहा फर्जीवाड़ा 

संबंधित समाचार