समय से पहले जन्म लेने वाले 50 फीसदी बच्चों की मौत घर में हो रही, KGMU की रिपोर्ट में सामने आए तथ्य

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: लगभग 20 प्रतिशत शिशु समय से पहले जन्म लेते हैं। 37 हफ्ते से पहले जन्मे शिशु प्री-टर्म कहलाते हैं। वहीं 2500 ग्राम से कम वजन के शिशु को कम वजन की श्रेणी में रखा जाता है। समय से पहले जन्मे 90 प्रतिशत शिशुओं का वजन 1800 ग्राम से भी कम रहता है। ऐसे शिशुओं को खास देखभाल की जरूरत होती है। शिशु की अस्पताल में तो देखभाल हो जाती है, लेकिन घर लौटने के बाद लापरवाही अकसर भारी पड़ जाती है। अस्पताल से मिली सलाह का पालन न करने के कारण ऐसे लगभग 50 प्रतिशत नवजातों की मृत्यु घर जाने के बाद हो जाती है। यह तथ्य केजीएमयू बाल रोग विभाग की रिपोर्ट में सामने आए हैं।

बाल रोग विभाग की डॉ. शालिनी त्रिपाठी ने बताया कि पहले जो ''सौर'' की परंपरा थी। वह नवजात और मां दोनों की सेहत के लिए सही थी। इस प्रक्रिया में साफ-सुथरे कमरे में मां और शिशु को एक महीने तक आराम दिया जाता था। बाहर वालों की आवाजाही सीमित रहती थी। इससे बच्चा सुरक्षित रहता था। मां को पर्याप्त आराम मिलता था। लेकिन अब हर कोई कमरे में आता-जाता है, जिससे संक्रमण और अन्य जोखिम बढ़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि समय से पहले जन्मे शिशु को कंगारू मदर केयर दें। ऐसे शिशु को ठंड लगना या हाइपोथर्मिया का खतरा अधिक रहता है। इसलिए मां, पिता या परिवार का कोई सदस्य कंगारू कदम केयर अवश्य दें। इसमें शिशु को सीने से सटा कर त्वचा से त्वचा के संपर्क में रखा जाता है। इससे शिशु तापमान नियंत्रित रहता है। वजन जल्दी बढ़ता है। संक्रमण का जोखिम कम होता है।

1800 ग्राम से कम वजन वाले बच्चों के लिए ये अपनाएं सावधानियां

-नवजात को अनावश्यक रूप से कोई भी न छुए।
-बाहर से आने पर हाथ साबुन से धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें।
-जब तक बच्चे का वजन 2500 ग्राम न हो जाए, उसे बाहर न ले जाएं।
- बच्चे को नहलाएं नहीं, साफ सूती कपड़े से पोंछें।
- ठंड से बचाएं, खुली हवा या भीड़भाड़ में ले जाने से बचें।
- छह माह तक केवल केवल स्तनपान कराएं।
-यदि सीधे स्तनपान न हो पाए, तो मां का दूध निकालकर कटोरी-चम्मच से पिलाएं।
-मालिश न करें- इससे संक्रमण और तापमान में गिरावट का खतरा बढ़ता है।
-डॉक्टर द्वारा बताई गई सभी जांचें समय पर कराएं।
-कोई भी दवा स्वयं न दें; फॉलोअप पर अवश्य जाएं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज