'मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की नींव...', संगठन महामंत्री ने की SIR अभियान की समीक्षा, कार्यकर्ताओं को हर घर तक पहुंचने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को आगरा और मथुरा जिले व महानगर के मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। बैठक में अभियान जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष, बीएलए-1 और अन्य संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतंत्र का जनजागरण है। एसआईआर केवल प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को प्रमाणिक और भरोसेमंद बनाने का आधार है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तालमेल, तकनीकी दक्षता और निरंतर मॉनीटरिंग से यह अभियान जन-भागीदारी का आंदोलन बना है। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलए-1, बीएलए-2 और बूथ प्रवासी बूथ अध्यक्षों के साथ समन्वय बनाकर हर मतदाता तक पहुँच सुनिश्चित करें। संपर्क, सत्यापन और सूचना आदान-प्रदान की सटीकता से अभियान में पारदर्शिता और प्रमाणिकता आएगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि त्रुटिहीन और सत्यापित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का मूल आधार है। इसलिए कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्धिकरण का अभियान गांव, कस्बों और शहरों के द्वार-द्वार दस्तक देने का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और कोई भी बोगस या अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर पर बनाए गए वॉर रूम से तकनीकी सहायता लेकर अभियान को गति देने पर भी जोर दिया गया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसी भी समस्या पर वॉर रूम से तत्काल संपर्क कर समाधान प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रमाणिक मतदाता सूची ही विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। इसी उद्देश्य को साधने के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका सुनिश्चित करे।
