दिल्ली की हवा में मामूली सुधार... पर घना कोहरा बढ़ा रहा चिंता, जानिए इस हफ्ते कैसा रहेगा AQI 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार की सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ और यह खराब श्रेणी में आ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आंकड़ों के अनुसार आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 276 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार की सुबह यह 336 था। बुधवार को दिल्ली की 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता 289 थी। 

सीपीसीबी के वर्गीकरण के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.1 डिग्री कम है। इसके अनुसार अधिकतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

दिल्ली में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार की सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा और यहां इस साल का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के आंकड़ों के अनुसार यह इस मौसम का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। सफदरजंग में पारा गिरकर 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है, जिससे यह सर्दी के इस मौसम का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान बन गया। 

अन्य निगरानी केंद्रों में, पालम में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज और आयानगर दोनों जगहों पर तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई। 

इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान चार और पांच दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस था, जिससे बृहस्पतिवार का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस इस सर्दी में अब तक दर्ज किया गया तीसरा सबसे कम तापमान बन गया है। 

दिल्ली में इस साल का पहला शीत दिवस छह जनवरी को दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से 3.3 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। बुधवार को भी राजधानी में भीषण ठंड का प्रकोप जारी रहा था। 

अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था, और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो मौसमी औसत से 1.7 डिग्री कम था। मौसम विभाग ने कहा है कि बृहस्पतिवार को भी जबरदस्त ठंड का मौसम बना रह सकता है और अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, शीत दिवस की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे गिर जाता है।

ये भी पढ़ें :
'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' पर पीएम मोदी ने असंख्य सपूतों को किया स्मरण, देशवासियों से की ये अपील 

संबंधित समाचार