टी-20 वर्डकप 2026 : ईडन गार्डेंस में संजू सैमसन का तूफान, वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
कोलकाता : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। इसके साथ ही इस वर्ल्ड कप के लिए सभी 4 सेमीफाइनलिस्ट टीमों के नाम तय हो गए हैं। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए थे। 196 रन के इस टारगेट को टीम इंडिया ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने नया इतिहास भी रच दिया। यह वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा रन चेज है। वहीं इस मैदान पर भी टी20 इंटरनेशनल में यह सबसे बड़ा रन चेज है।
इससे पहले रॉस्टन चेज (40), जेसन होल्डर ( नाबाद 37) और रोवमन पॉवेल (नाबाद 34 ) की शानदार पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने रविवार को टी-20 विश्वकप में सुपर आठ के आखिरी मुकाबले में भारत को जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य दिया। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है।
आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान शाई होप और रॉस्टन चेज की सलामी जोड़ी ने पहले 68 रन जोड़े। नौवें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने शाई होप को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। शाई होप ने 33 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। इसके बाद 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शिमरॉन हेटमायर 12 गेंदों में 27 रन को और इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर रॉस्टन चेज को भी अपना शिकार बना लिया। रॉस्टन चेज ने 25 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 40 रनों की पारी खेली। शरफेन रदरफोर्ड 14 रन बनाकर आउट हुये।
वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोवमन पॉवेल ने 19 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 34 ) और जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 37 ) रनों की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिये। वरुण चक्रवर्ती तथा हार्दिक पंड्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
