सविता पूनिया ने लिया बड़ा फैसला: पारिवारिक कारणों से विश्व कप क्वालीफायर से नाम वापस, सलीमा टेटे की कप्तानी में 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित
हैदराबाद: अनुभवी गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया ने निजी कारणों से एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 के क्वालीफायर से अपना नाम वापस ले लिया है। हॉकी इंडिया ने रविवार को मिडफील्डर सलीमा टेटे की कप्तानी में 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की। यह टूर्नामेंट 8 से 14 मार्च तक हैदराबाद में खेला जाएगा, जहां भारत सहित 8 टीमें अगस्त में बेल्जियम-नीदरलैंड्स में होने वाले विश्व कप के तीन क्वालीफिकेशन स्पॉट्स के लिए मुकाबला करेंगी। भारत को पूल बी में रखा गया है, जिसमें स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स शामिल हैं। वहीं पूल ए में इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया हैं। सूत्रों के अनुसार, सविता टूर्नामेंट से पहले राष्ट्रीय कैंप में शामिल नहीं हुईं।
एक सूत्र ने बताया, "पारिवारिक वजहों से उन्होंने नाम वापस ले लिया था, इसलिए टीम चयन में उनके नाम पर विचार नहीं हुआ।" टीम में गोलकीपिंग की कमान अब बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारीबम संभालेंगी। डिफेंस में सुशीला चानू पुखरामबम , निक्की प्रधान , मनीषा चौहान , उदिता और इशिका चौधरी शामिल हैं। मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा , सुनीता टोप्पो , साक्षी राणा , वैष्णवी विट्ठल फाल्के , रुतजा ददासो पिसल और दीपिका सोरेंग निभाएंगी। फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर , इशिका , लालरेमसियामी , ब्यूटी डुंगडुंग , बलजीत कौर और अन्नू होंगी।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, "हम इस पहले टूर्नामेंट के लिए बेहद उत्साहित हैं। हम फिटनेस, रणनीति और हर खिलाड़ी की भूमिका पर फोकस कर रहे हैं। हैदराबाद में दो अभ्यास मैच खेलकर हम पूरी तरह तैयार होंगे।"
भारत का कार्यक्रम
- 8 मार्च: भारत vs उरुग्वे
- 9 मार्च: भारत vs स्कॉटलैंड
- 11 मार्च: भारत vs वेल्स
यह क्वालीफायर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए विश्व कप 2026 में जगह बनाने का सुनहरा मौका है। सलीमा टेटे की अगुवाई में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण टीम को मजबूती देगा। अब सभी की नजरें हैदराबाद में होने वाले इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट पर टिकी हैं।
