काशी वॉलीबॉल चैंपियनशिप में पहुंचे केशव मौर्य : विपक्ष पर बोला तीखा हमला, कहा- भ्रष्टाचार की अम्मा है कांग्रेस पार्टी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को 72वीं सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शामिल होने के लिए काशी पहुंचे। केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार की अम्मा अगर कोई है, तो वह कांग्रेस पार्टी है। भ्रष्टाचार को खत्म करने का प्रयास जब किया जाता है, तो कांग्रेस अड़चन डालती है। उसी रास्ते पर अब समाजवादी पार्टी (सपा) भी निकल पड़ी है।"
कांग्रेस द्वारा मनरेगा को लेकर किए जा रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन पर केशव मौर्य ने कहा, "मनरेगा रूपी भ्रष्टाचार के दानव का अंत हो चुका है। विकसित भारत जी-राम जी के रूप में नया अधिनियम बन चुका है। कांग्रेस का चरित्र ही रहा है कि एक रुपया आता था, तो 85 पैसा दलालों को या कांग्रेसियों को देना पड़ता था।"
उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस को कोई पूछता ही नहीं है। कांग्रेस ऐसा मुद्दा उठाती है, जिसको जनता पसंद नहीं करती। अखिलेश यादव बिहार चुनाव हारने के बाद मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। अखिलेश यादव को 2027 में सैफई वापस जाना पड़ेगा।"
"कांग्रेस प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़े या राहुल गांधी के नेतृत्व में, चाहे सोनिया गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़े या फिर अखिलेश यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़े-जिनको जोड़ना है, जोड़ ले, लेकिन कमल खिलने जा रहा है। अखिलेश यादव का पीडीए पूरी तरह फर्जी है।"
केशव मौर्य ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा, "सपा के लोग परिवार को बढ़ाते हैं, गुंडों को बढ़ाते हैं, अपराधियों को बढ़ाते हैं, माफियाओं को बढ़ाते हैं। राम लला का मंदिर बन गया, ध्वजारोहण हो गया, लेकिन वह अभी तक दर्शन करने नहीं गए। राम मंदिर में नमाज पढ़ने वाला युवक पकड़ लिया गया है, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।"
