Army Day : राष्ट्रपति मुर्मू समेत पीएम मोदी और सीएम योगी ने दी बधाई, देशवासी को गौरवान्वित करने वाला सेना का शौर्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना की तारीफ करते हुए कहा कि देश के सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक के तौर पर सबसे मुश्किल हालात में पक्के इरादे के साथ देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश सैनिकों की हिम्मत और पक्के इरादे को सलाम करता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘दुर्गम स्थलों से लेकर बर्फीली चोटियों तक हमारी सेना का शौर्य और पराक्रम हर देशवासी को गौरवान्वित करने वाला है। सरहद की सुरक्षा में डटे जवानों का हृदय से अभिनंदन!’’ मोदी ने लिखा, ‘‘हमारे सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक के तौर पर सबसे मुश्किल हालात में भी पक्के इरादे से देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। उनकी कर्तव्य की भावना पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता बढ़ाती है।’’
सेना की 'राष्ट्र प्रथम' की भावना हर भारतीय को प्रेरित करती रहती है: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को सेना दिवस के अवसर पर देश के बहादुर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी 'राष्ट्र प्रथम' की अडिग भावना हर भारतीय को प्रेरित करती रहती है। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारतीय सेना हमारे राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए दृढ़ है।"
उन्होंने कहा, "हमारे सैनिक हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं और आपदाओं तथा मानवीय संकटों के दौरान महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करते हैं। आपकी 'राष्ट्र प्रथम' की अडिग भावना हर भारतीय को प्रेरित करती रहती है।" सेना दिवस 1949 में जनरल के. एम. करियप्पा (जो बाद में फील्ड मार्शल बने) के भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभालने की स्मृति में मनाया जाता है।
सीएम योगी ने परम वीरों को किया नमन
सीएम योगी ने सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना को किया नमन लिखा-‘राष्ट्र प्रथम’ भाव के वाहक, माँ भारती की रक्षा के लिए समर्पित, ‘सेवा परमो धर्मः’ और Service Before Self के आदर्शों को हर कदम पर साकार करने वाले भारतीय सेना के पराक्रमी वीरों एवं उनके परिजनों को 'सेना दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं।
शौर्य की गौरवशाली परंपरा और मातृभूमि की अस्मिता के लिए आपके नि:स्वार्थ बलिदान की भावना को कोटि-कोटि नमन। आपकी कर्तव्यनिष्ठा व त्याग पर हमें गर्व है।
भारतीय सेना राष्ट्र की रक्षा के लिए अडिग ढाल के रूप में खड़ी है: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सेना दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय सेना देश की ऐसी अडिग ढाल के रूप में खड़ी है जो सीमाओं की रक्षा करती है, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों के दौरान स्थिरता को मजबूत करती है और प्राकृतिक आपदाओं के समय दृढ़ सहयोग देती है।
सेना दिवस 15 जनवरी को फील्ड मार्शल के एम करियप्पा के भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बनने की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने 1949 में ब्रिटिश जनरल सर एफआरआर बुचर की जगह ली थी। बाद में करियप्पा फील्ड मार्शल बने।
खरगे ने कहा, ‘‘भारतीय सेना दिवस पर हम अपने बहादुर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मान और कृतज्ञता के साथ नमन करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय सेना देश की अडिग ढाल के रूप में खड़ी है जो सबसे दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में हमारी सीमाओं की रक्षा करती है, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों के दौरान स्थिरता को मजबूत करती है और प्राकृतिक आपदाओं के समय अटूट सहयोग देती है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आपके अदम्य साहस, अनुकरणीय पेशेवर दक्षता और उस निस्वार्थ बलिदान की भावना के लिए हम सदैव ऋणी रहेंगे जो भारत को सुरक्षित रखती है।’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सेना के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान की सराहना की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘देश की रक्षा में सदैव तत्पर हमारे वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सेना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान के लिए हम सदैव उनके ऋणी रहेंगे। जय हिंद।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘हर वर्दी के पीछे बलिदान, साहस और राष्ट्रप्रेम की कहानी छिपी होती है। मैं भारतीय सेना दिवस पर हमारे बहादुर सैनिकों को उनकी वीरता, दृढ़ता और निस्वार्थ सेवा के लिए सलाम करती हूं। जय हिंद।’’
कांग्रेस ने भी ‘एक्स’ पर ‘पोस्ट’ साझा करते हुए कहा कि वह सैनिकों को उनके साहस, अनुशासन और कर्तव्य निभाते हुए दिए जाने वाले सर्वोच्च बलिदान के लिए सलाम करती है। उसने कहा, ‘‘भारतीय सेना हमारे राष्ट्र की सबसे मजबूत ढाल के रूप में खड़ी है। भारत के प्रति उनकी अटल सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हम उनके अत्यंत आभारी हैं। जय हिंद।
ये भी पढ़ें :
दिल्ली में 28वें CSPOC में बोले पीएम मोदी, भारत ने बनाया विविधता को लोकतंत्र की शक्ति
