योगी सरकार का जल-क्रांति कदम: गोरखपुर-संतकबीर नगर में माइक्रो इरिगेशन से 75% पानी बचत, किसानों की होगी कम लागत-ज्यादा कमाई
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में माइक्रो इरिगेशन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग केंद्र सरकार की मॉडर्नाइजेशन ऑफ कमांड एरिया डेवलपमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट योजना के तहत गोरखपुर और संतकबीर नगर में माइक्रो इरिगेशन की पायलट परियोजनाएं विकसित कर रहा है।
गोरखपुर में राप्ती नदी व रामगढ़ ताल क्षेत्र तथा संतकबीर नगर में कुवानो नदी क्षेत्र में बनाई जा रही ये परियोजनाएं प्रेशराइज्ड पाइप्ड इरिगेशन नेटवर्क तकनीक पर आधारित हैं। इससे जल उपयोग दक्षता में लगभग 75 प्रतिशत तक वृद्धि होगी और किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन का लाभ मिलेगा।
कुल छह पायलट परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिनका कुल कल्चरेबल कमांड एरिया 2149 हेक्टेयर है। परियोजनाओं के फरवरी 2026 तक संचालन में आने से हजारों किसानों को रबी और खरीफ दोनों फसलों में प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। जल संरक्षण के साथ यह पहल प्रदेश में सतत कृषि विकास को नई गति देगी।
